DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

आफत की बारिश . वार्ड के लोगों ने सीएमओ को ज्ञापन सौंप पानी निकासी व नाली निर्माण की मांग की

अकलतरा। नगर में लगातार हो रही बारिश से वार्ड नंबर 16 इंदिरा उद्यान के पास रहने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में बारिश के पानी की निकासी नहीं होने से लोगों के घरों में पानी भर गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जलभराव के कारण घरों का सामान भीग गया है और रहना मुश्किल हो गया है। हालात से परेशान होकर वार्ड के निवासियों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय सिंह को ज्ञापन सौंपा और तत्काल जलनिकासी और नाली निर्माण की मांग की।

स्थानीय निवासी किशन यादव ने बताया कि इंदिरा उद्यान के पास वर्षों से एक कच्चा नाला था, जिससे बारिश के पानी की निकासी होती थी। लेकिन कुछ लोगों द्वारा उस नाले को पाट दिए जाने के बाद से पानी की निकासी बंद हो गई है। पूरे मोहल्ले में पानी भर गया है। बारिश थमने के बाद भी पानी निकलने का कोई रास्ता नहीं है, जिससे दुर्गंध और मच्छरों का खतरा बढ़ गया है। राजू यादव ने बताया कि इंदिरा उद्यान के पास कई कच्चे मकान हैं, जिनमें गरीब परिवार रहते हैं। पानी के जमाव से बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है। घरों में रखा राशन, बिस्तर और अन्य जरूरी सामान भीग चुका है, जिससे जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान अभिषेक मिश्रा, विजय बरेठ, नवीन यादव, अजय यादव, दशरथ यादव सहित बड़ी संख्या में वार्ड के लोग मौजूद थे। सीएमओ संजय सिंह ने आश्वासन दिया है कि वे स्वयं स्थल का निरीक्षण कर समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।

नालियों पर बन गए मकान इसलिए समस्या ज्यादा हुई वार्ड नंबर 16 के पार्षद विजय खांडेल ने बताया कि पहले महाराणा प्रताप चौक से लेकर इंदिरा उद्यान तक नालियों का नेटवर्क था। लेकिन समय के साथ कई लोगों ने इन नालियों पर मकान बना लिए, जिससे उनका अस्तित्व समाप्त हो गया। इसी कारण बरसात के समय पानी का बहाव रुक गया है और सड़कों तथा घरों में पानी भरने लगा है। उन्होंने नगर पालिका से आग्रह किया कि तत्काल नालियों का निर्माण कार्य शुरू कर जल निकासी की व्यवस्था की जाए।

Exit mobile version