रायपुर,एजेंसी। रायपुर में हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर के सपोर्ट में राजपूत करणी सेना ने 8 मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद करणी सेना के अध्यक्ष राज शेखावत ने मांगों को लेकर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी में ADM को राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी परिसर में धरना प्रदर्शन के बाद ASP लखन पटले और ADM यूएस बांदे और 4-5 थानों के TI के साथ लगभग घंटेभर हाई लेवल मीटिंग चली। इसके बाद राजपूत करणी सेना ने धरना प्रदर्शन खत्म किया।
इस दौरान राज शेखावत ने कहा कि प्रशासन ने हमारी मांगों पर 15 दिन का समय मांगा है, लेकिन हमने प्रशासन को 30 दिन का समय दिया है। प्रशासन से तोमर परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन मिला है। धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया गया है। मांगें नहीं मानी गई तो गृह मंत्री के बंगले का घेराव करेंगे।
हरियाणा के ओकेंद्र सिंह राणा ने कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां-वहां उनको वोट की चोट देंगे। याद रखना हमें छेड़ा तो छोड़ेंगे नहीं। हमारी माताओं-बहनों पर बात आई तो छोड़ेंगे नहीं। कमल का फूल, हमारी भूल। जब तक तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं।
वहीं ADM यूएस बांदे ने बताया कि करणी सेना ने 8 बिंदुओं में मांगें रखी है। उन्हें उनकी मांगों को लेकर 15 दिन का समय दिया गया है। ज्ञापन को हम अधिकारियों तक भेजेंगे। वहां से जो भी अपडेट आएगा, वह हम करणी सेना को बता देंगे।
आंदोलन से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए…

शेखावत ने अन्न जल त्याग दिया है। शेखावत ने कहा कि हमें शासन के किसी ऐसे व्यक्ति से नहीं मिलाया, जो उनकी बातों पर संज्ञान ले सकें।
हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर के पक्ष में राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे।
हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर की पत्नी करणी सेना की महापंचायत में शामिल हुई हैं।
तरपोंगी के पास कार्यकर्ताओं को आने से रोकने पर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए स्पेशल हॉक फोर्स को तैनात किया गया है।
प्रदर्शन के दौरान क्या-क्या हुआ ?
दरअसल, रायपुर पुलिस ने सूदखोरी, जबरन वसूली और अवैध हथियार रखने के केस में हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर को अरेस्ट किया है। तोमर के सपोर्ट में राजपूत करणी सेना 8 मांगों को लेकर महापंचायत कर रही है। इनमें TI-CSP के खिलाफ कार्रवाई भी शामिल है।
महापंचायत के बीच राज शेखावत वीरेंद्र सिंह तोमर की पत्नी समेत 10 लोगों के साथ इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गृहमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की मांग की, लेकिन नहीं मिलाने पर वह रेड क्रॉस सोसायटी परिसर में ही धरने पर बैठ गए।
इस दौरान शेखावत ने कहा कि वह तोमर परिवार के साथ अन्न-जल त्याग दिए हैं। इसके कुछ देर बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। उनकी मांगों पर 15 दिन की मोहलत मांगी। इसके बाद करणी सेना ने प्रदर्शन खत्म करने का ऐलान किया।
महापंचायत में क्या बोले राज शेखावत ?
राज शेखावत ने कहा कि वीरेंद्र सिंह तोमर को गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सार्वजनिक रूप से जुलूस निकाला। नंगे पैर घुमाया। हथकड़ी लगाकर मीडिया कवरेज कराया। तोमर की पत्नी, माता, बेटी और परिवार की महिला सदस्यों के साथ बदसलूकी की गई। पुलिस ने नियमों का पालन नहीं किया।
वीरेंद्र सिंह तोमर को प्रताड़ित किया गया- शेखावत
इस दौरान करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने कहा कि रायपुर SSP लाल उम्मेद सिंह की अध्यक्षता में वीरेंद्र सिंह तोमर को मानसिक-शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। कस्टोडियल एक्सेस और प्रशासनिक लापरवाही हुई है। उन्हें तत्काल पदमुक्त किया जाए।
राज शेखावत ने कहा कि क्षत्रिय करणी सेना के पदाधिकारियों पर आधारहीन और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठे प्रकरणों को तत्काल निरस्त किया जाए। अगर हमारी मांगें नहीं मानी गई तो हम सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। रायपुर की सड़कों पर उतरेंगे।
