DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

राजा बाबू की 10 हजार किमी पदयात्रा रामानुजगंज पहुंची:दे रहे आपसी भाईचारा और मानव कल्याण का संदेश

बलरामपुर, एजेंसी। बिहार के साहिबगंज जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय राजा बाबू अपनी 10 हजार किलोमीटर की देशव्यापी पदयात्रा पर निकले हैं। आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश लेकर उन्होंने 6 जून को यह यात्रा शुरू की थी। लगातार 28 दिनों तक पैदल चलने के बाद शनिवार को वे रामानुजगंज पहुंचे।

राजा बाबू ने बताया कि उनकी यह पदयात्रा देश के विभिन्न राज्यों और प्रमुख तीर्थ स्थलों तक जाएगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच प्रेम, भाईचारा, सामाजिक एकता और मानव सेवा की भावना को मजबूत करना है। उनका लक्ष्य समाज में बढ़ती दूरियों को समाप्त कर आपसी सहयोग और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

रामानुजगंज पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने राजा बाबू का आत्मीय स्वागत किया। पदयात्रा के दौरान उनके फटे हुए जूते देखकर जूता व्यवसायी उमेश कश्यप ने उन्हें नए जूते भेंट किए। वहीं, समाजसेवी संतोष गुप्ता ने उनके ठहरने की व्यवस्था कर अतिथि सत्कार का परिचय दिया।

इस अवसर पर शैलेश गुप्ता, लक्ष्मी सोनी, वेद प्रकाश तिवारी, बिट्टू कश्यप, पियूष गुप्ता, इम्तियाज अंसारी सहित अनेक नागरिकों ने राजा बाबू का स्वागत किया और उनकी यात्रा की सफलता की कामना की।

उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा और मानवता का संदेश देने वाली ऐसी यात्राएं लोगों को सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करती हैं। राजा बाबू इससे पहले भी पदयात्राएं कर चुके हैं और उन्हें दूसरे देशों में भी सम्मानित किया गया है।

Exit mobile version