रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में कलाकारों ने लोगों का दिल जीत लिया। छत्तीसगढ़ी कलाकारों के साथ दयारा बैंड के गीत ‘ऐसा जादू है मेरे बस्तर में’ पर लोग जमकर थिरके। वहीं, इंडियन आइडल विजेता पवनदीप और अरुणिता की जोड़ी ने बैक टू बैक गाने गाए।
अरुणिता ने 1 घंटे सोलो परफॉर्मेंस दिया। उन्होंने स्टेज पर आते ही पल भर ठहर जाओ…लग जा गले…ये दिल तुम बिन कहीं लगता नहीं…,जो भेजी थी दुआ जैसे गाने गाए। उसके बाद पवनदीप ने भी अपनी सोलो परफॉर्मेंस के दौरान बॉलीवुड गानों की प्रस्तुति दी। दोनों ने मिलकर भी गाना गाया। सीएम साय ने दोनों कलाकारों का राजकीय गमछा और मोमेटों देकर स्वागत किया।

अरुणिता ने ठुमक चलत राम चंद्र भजन की प्रस्तुति दी।
अबूझमाड़ के बच्चों को दिल्ली घुमाएंगे उप राष्ट्रापति
राज्योत्सव के समापन समारोह में पहुंचे उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अबूझमाड़ के बच्चों का मल्लखंभ प्रदर्शन देखा। उनकी शानदार प्रदर्शन देखकर उपराष्ट्रपति दोबारा मंच पर पहुंचे और टीम के सबसे छोटे बच्चे को गोद में उठा लिया।
उन्होंने कहा कि, मैं आप सभी को दिल्ली की सैर कराऊंगा। वहां मैं आपको संसद भवन, वॉर मेमोरियल और पीएम म्यूजियम दिखाऊंगा। उन्होंने संसद टीवी पर इंटरव्यू दिलाने की भी बात कही।
उप-राष्ट्रपति ने छोटे बच्चे को गोद में उठाया।
छत्तीसगढ़ में भी गाने का मौका मिला तो जरूर गाऊंगा
मीडिया से बातचीत में पवन ने कहा कि, सफलता के लिए प्रैक्टिस बहुत मायने रखती है। बेहतर प्रस्तुति के लिए प्रैक्टिस का कोई तोड़ नहीं है। संगीत के लिए आपका डेडिकेशन और समझ जरूरी है। इन सारी चीजों के साथ ही अच्छा संगीत बनता है। यही वजह है कि मेरे हाथ में आप गिटार हमेशा पाएंगे।
उन्होंने कहा कि, यह सही है कि डबिंग के बाद तय नहीं रहता कि जब गाना आएगा, तो उसमें आवाज किसकी होगी। आजकल संगीतकार एक से अधिक गायकों से डबिंग कराते हैं, लेकिन जिसकी आवाज अच्छी होगी। उसे ही फाइनल किया जाता है। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में भी गीत गाने का मौका मिला तो जरूर गाऊंगा।
