DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

संवेदनशीलता के साथ दिव्यांगजनों की जरूरतों पर त्वरित पहल

कलेक्टर जनदर्शन में 6 दिव्यांगों को तत्काल मिले सहायक उपकरण

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में सीईओ जिला पंचायत के माध्यम से सहायक उपकरण किया गया प्रदान

कोरबा, 07 सितंबर 2026। कलेक्टर जनदर्शन में अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर पहुंचे दिव्यांगजनों के आवेदनों पर जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ त्वरित पहल करते हुए 6 हितग्राहियों को तत्काल सहायक उपकरण उपलब्ध कराया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जनदर्शन में आए दिव्यांगों के प्राप्त आवेदनों को संवेदनशीलता से  लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा श्री प्रतीक जैन  द्वारा हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण प्रदान किया गया।
जनदर्शन मे आए दिव्यांग परदेशी दास  पिता ज्ञानदास निवासी धवईपुर कटघोरा को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, गुड्डी सागर पिता मोहनसागर  निवासी मोतीसागर पारा कोरबा को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल व वॉकर तथा रामजी साव पिता सरबजिस साव निवासी दर्री कोरबा को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। इसी प्रकार ललित जांगड़े पिता सुखीराम जांगड़े निवासी कुसमुंडा कोरबा को व्हीलचेयर, कु. दृष्टि महंत पिता शंकर दास निवासी दुरपा रोड कोरबा को सी.पी. चेयर तथा निरवर पिता मिर्जा इसराइल बेग निवासी जिला कोरबा को सी.पी. चेयर प्रदान की गई।
सहायक उपकरण प्राप्त होने से दिव्यांग हितग्राहियों के लिए दैनिक जीवन की आवश्यक गतिविधियां अधिक सहज होंगी तथा उन्हें आवागमन और सामान्य जीवन में आत्मनिर्भरता हासिल करने में मदद मिलेगी। जिला प्रशासन की इस त्वरित एवं संवेदनशील पहल से हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रशासन के प्रति आभार जताया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर यथासंभव त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि जरूरतमंद नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सहायता का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के लिए केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और बेहतर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग हैं। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता  अनुरूप  योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यादव, अपर कलेक्टर श्रीमती माधुरी सोम एवं उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, कोरबा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version