DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सक्ती में 2 हजार लोगों ने लगाई एकता दौड़:राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिले के 12 थाना-चौकी क्षेत्रों में हुआ आयोजन

सक्ती। सक्ती में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को जिला सक्ती पुलिस ने ‘रन फॉर यूनिटी-एकता दौड़ 2026’ का आयोजन किया।

जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए इस कार्यक्रम में करीब 2 हजार पुलिसकर्मियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, आम नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। दौड़ के जरिए लोगों को देश की एकता, अखंडता, सुरक्षा और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।

जिला मुख्यालय में एएसपी और एसडीओपी रहे मौजूद

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भुवनेश्वरी पैकरा मौजूद रहीं। इस दौरान जिला पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, नगरवासियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिले के थाना और चौकी क्षेत्रों में भी हुई दौड़

एकता दौड़ का आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। जिले के थाना सक्ती, डभरा, बाराद्वार, मालखरौदा, हसौद, जैजैपुर, नगरदा और चंद्रपुर सहित चौकी फगुरम, अड़भार, सकर्रा और छपोरा में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन सभी आयोजनों में मिलाकर करीब 2 हजार लोगों की सहभागिता रही।

सरदार पटेल के योगदान और आदर्शों को किया याद

कार्यक्रम का उद्देश्य लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान और उनके आदर्शों को याद करना था। इसके साथ ही देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने के साथ राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

पुलिस ने एकजुट और सशक्त भारत का दिया संदेश

जिला पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। देश की मजबूती और प्रगति के लिए समाज के सभी वर्गों को आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। पुलिस ने नागरिकों से सशक्त, सुरक्षित और समरस भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Exit mobile version