DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

Reasons Share Market Rising: IT शेयरों का कमाल, बाजार में जबरदस्त रिवर्सल, निफ्टी 26K पर

मुंबई, एजेंसी। भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार (19 नवंबर) को शुरुआती कमजोरी के बाद मजबूत रिकवरी देखने को मिली। सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से करीब 500 अंक चढ़ गया, जबकि निफ्टी एक बार फिर 26,000 के ऊपर पहुंच गया। आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी और पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों ने निवेशकों के मनोबल को बढ़ाया।

सुबह सेंसेक्स 147 अंक गिरकर 84,525.98 के निचले स्तर तक फिसला था। निफ्टी भी 25,900 के नीचे जाकर 25,856.20 तक गिरा लेकिन दोपहर तक बाजार ने तेजी से दिशा बदल ली। दोपहर के कारोबार में सेंसेक्स 336 अंक ऊपर 85,009.57 पर और निफ्टी 100 अंकों की तेजी के साथ 26,009 के ऊपर पहुंच गया।

बाजार में तेजी के 4 मुख्य कारण

1) आईटी शेयरों में जबरदस्त खरीदारी

निफ्टी आईटी इंडेक्स 2% से अधिक चढ़ गया। खासतौर पर इंफोसिस के शेयरों में तेजी देखने को मिली, क्योंकि कंपनी ने 20 नवंबर से 18,000 करोड़ रुपए के शेयर बायबैक की घोषणा की है।

2) भारत-अमेरिका ट्रेड डील की उम्मीदें

कॉमर्स मिनिस्टर पीयूष गोयल के बयान ने बाजार को सपोर्ट दिया। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड पैक्ट पर जल्द अच्छी खबर मिल सकती है, बशर्ते समझौता दोनों देशों के लिए संतुलित हो।

3) विदेशी निवेशकों की वापसी के संकेत

वैश्विक स्तर पर निवेशक एआई स्टॉक्स से पैसा निकालकर उभरते बाजारों में निवेश बढ़ा रहे हैं, जिससे भारत को सीधा फायदा मिल रहा है। मार्केट एक्सपर्ट्स इसे “एंटी-AI ट्रेड” का प्रभाव बता रहे हैं।

4) वोलैटिलिटी में गिरावट

इंडिया VIX 2% से अधिक टूटकर 11.84 पर आ गया, जिससे बाजार में उतार-चढ़ाव कम हुआ है और निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।

Exit mobile version