DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

खरसिया से लौट रहे रिकवरी एजेंट से लूट:सक्ती में बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल, कैश और हेलमेट छीना, तलाश में जुटी पुलिस

सक्ती। सक्ती में बैंक रिकवरी एजेंट से लूट की वारदात हुई है। खरसिया से अपने गांव लौट रहे एजेंट को दो बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने रास्ता रोककर मोबाइल, 500 रुपए नकद और हेलमेट छीन लिया। मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत अड़भार चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित कौशल कुमार कुम्हार ग्राम सलनी का रहने वाला है। वह खरसिया स्थित आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में फील्ड रिकवरी एजेंट के तौर पर कार्यरत है और हर दिन अपने गांव से खरसिया आता-जाता है।

पीड़ित ने बताया कि 26 जून को वह बाइक (CG-13-BA-5988) से खरसिया काम पर गया था। काम खत्म होने के बाद रात करीब 8 बजे वह अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रात लगभग 8:30 बजे बंदोरा नहर पुल के पास पीछे से आ रहे दो बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।

मोबाइल, नकदी और हेलमेट लूटकर फरार हुए बदमाश

बदमाशों ने जबरन कौशल कुमार का मोबाइल, पर्स में रखे 500 रुपए नकद और एक काले रंग का हेलमेट छीन लिया। लूट के बाद आरोपी नहर पार की ओर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 15,500 रुपए बताई गई है।

अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात, परिचितों को दी जानकारी

पीड़ित ने बताया कि घटना के समय अंधेरा होने के कारण वह बदमाशों की संख्या और उनकी पहचान नहीं कर सका। वारदात के बाद उसने अपने परिचितों पुष्पेंद्र मानिकपुरी, प्रमोद कुमार, भूपेंद्र मानिकपुरी और मनोज सिदार को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

BNS की धाराओं में केस दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

अड़भार चौकी से प्राप्त शिकायत के आधार पर मालखरौदा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2), 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version