DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट, चारधाम यात्रा रुकी:अर्नब चक्रवात से यूपी में 48 घंटे से आंधी-बारिश, 16 मौतें, राजस्थान-एमपी में चेतावनी

नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तराखंड में चमोली के हेमकुंड साहिब, बद्रीनाथ में शनिवार को बर्फबारी हुई। वहीं, पिथौरागढ़-घाट सड़क पर लैंडस्लाइड के चलते 300 से ज्यादा गाड़ियां फंस गई हैं। चारधाम यात्रा दो दिनों के लिए रोक दी गई है।

अर्नब चक्रवात के असर से उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 8 राज्यों में तेज बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी सिस्टम अब दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते राजस्थान-मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में करीब 48 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। 40-50 किमी/घंटे की हवाएं चल रही हैं। अगल-अलग हादसों में 16 लोगों की मौत हो चुकी है। 32 जिलों में बाढ़ का खतरा है।

बिहार में सुपौल के 50 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। 19 जिलों में यलो अलर्ट है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में 3 लोगों की मौत हुई है।

सैटेलाइट मैप में देखें मानसूनी बादलों की स्थिति

देशभर से मौसम की तस्वीरें…

लखनऊ के निशातगंज में करीब 100 साल पुराना विशाल बरगद का पेड़ गिर गया।

लखनऊ के निशातगंज में करीब 100 साल पुराना विशाल बरगद का पेड़ गिर गया।

लखनऊ में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। शहर की मुख्य सड़कें डूब गई हैं।

छत्तीसगढ़ के रायपुर में महादेवघाट ब्रिज के ऊपर से पानी बह रहा है।

ओडिशा के खुर्दा जिले में बाढ़ जैसे हालात हैं।

बिहार के बेगूसराय में युवक पैर फिसलने से गंगा नदी में जा गिरा। गोताखोरों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जबलपुर में लगातार बारिश के चलते शुक्रवार शाम 6 बजे बरगी बांध के 5 गेट एक-एक मीटर तक खोले गए।

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में भारी बारिश के चलते दुर्गा मंदिर घाट रोड पर भूस्खलन हो गया।

बिहार के बख्तियारपुर में करीब 1 किमी के दायरे में कटाव

बिहार के बख्तियारपुर प्रखंड के चिरैया दियारा में करीब 1 किलोमीटर के दायरे में भीषण कटाव हो रहा है। कटाव के कारण चिरैया गांव पर संकट मंडरा रहा है। कई घर कटाव की जद में आ गए हैं।

गढ़चिरौली में बाढ़ बाद 500 से लोगों का रेस्क्यू

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आई बाढ़ के बाद लगभग 525 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

जिला अधिकारियों के मुताबिक, भामरागढ़ में बचाव अभियान गुरुवार दोपहर शुरू हुआ और देर रात तक जारी रहा। बाढ़ का पानी अब कम होने लगा है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति धीरे-धीरे सुधर रही है।

ओडिशा: बालासोर में 14 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित

ओडिशा के बालासोर में 91 गांवों के 14,660 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन इलाकों से 3268 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। अतिरिक्त पानी छोड़ने के लिए शनिवार को हीराकुंड बांध के 11 और गेट खोलने पड़े। अब तक कुल 16 स्लुइस गेट खोले गए हैं।

महाराष्ट्र में 265 तहसीलों को सूखा प्रभावित घोषित किया गया

महाराष्ट्र में 265 तहसीलों को सूखा प्रभावित घोषित किया गया। विपक्ष ने किसानों के लिए और मदद की मांग की है।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में 55 लोगों का रेस्क्यू, धमतरी में कार बही

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में लगातार बारिश के बाद शिवनाथ नदी में पानी बढ़ गया है। कुम्हारी में बाढ़ का पानी बस्तियों तक पहुंचने से परिवार फंस गए। नगर सेना और SDRF ने रात 12 से सुबह 5 बजे तक चले रेस्क्यू में 50-55 लोगों को सुरक्षित निकाला।

यूपी में आंधी-बारिश से जुड़ी घटनाओं में 13 की मौत

यूपी के लखीमपुर और बाराबंकी में दीवार गिरने से 3-3, हमीरपुर और फतेहपुर में एक-एक की मौत हो गई। आगरा में बारिश के बीच तेज रफ्तार कार फिसलकर पलट गई। हादसे में 3 लोगों की जान चली गई। लखीमपुर में ट्रॉली से टकराने के बाद अर्टिगा कार खाई में गिर गई। 2 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मध्य प्रदेश: जबलपुर-रीवा समेत 18 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से- जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के जिलों में अगले 48 घंटे तेज बारिश का दौर बना रहेगा। मौसम विभाग ने शनिवार को जबलपुर-रीवा समेत 18 जिलों में अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट है। निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और सतना में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

छत्तीसगढ़: रायपुर महादेवघाट पुल डूबा, बस्तर में सड़कें डूबीं

छत्तीसगढ़ में पिछले करीब 36 घंटे से बारिश का दौर जारी है। रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। महादेवघाट पुल से 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है। कई नदी-नाले उफान पर हैं।

राजस्थान: 10 जिलों में बारिश का अलर्ट, 5 शहरों का पारा 40 डिग्री के पार

राजस्थान में 29 सितंबर तक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जयपुर, भरतपुर संभाग में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 27 सितंबर को 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश: 32 जिलों में बाढ़ का खतरा, 36 में स्कूल बंद

यूपी में लगातार बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। पूरे प्रदेश में पिछले 40 घंटे से जोरदार बारिश हो रही है। 40-50 किमी. की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। सड़कें तालाब बन गई हैं। कॉलोनियों में पानी घुस गया है। 32 जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

बिहार: 19 जिलों में हैवी रेन की चेतावनी, कोसी-बागमती खतरे से ऊपर

बिहार के 19 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पटना के कुछ इलाकों में तेज बारिश हो रही है। वही समस्तीपुर में हल्की बारिश है। सुपौल में 50 गांवों में बाढ़ है, लोगों के घर-आंगन में पानी भर गया है।

झारखंड: सिंहभूम-सरायकेला में बाढ़ का अलर्ट, रांची में सभी स्कूल बंद

झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की आशंका है। मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश का अलर्ट जारी करते हुए कुछ इलाकों में बाढ़ की आशंका जताई है।

पंजाब: चंडीगढ़ समेत 15 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

पंजाब और चंडीगढ़ में दो दिन बारिश की संभावना है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है और अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है।

हरियाणा: दो दिन बारिश का अलर्ट, तापमान में 2.2°C की गिरावट

हरियाणा में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

उत्तराखंड: बारिश का रेड अलर्ट, 7 जिलों के स्कूलों में छुट्टी

उत्तराखंड के बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। नैनीताल, चमोली और देहरादून में देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है।

Exit mobile version