रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 21 नवंबर से दो दिनों के लिए गुड गवर्नेंस की क्लास लगेगी। इस सम्मेलन में शामिल होने के 150 देशों प्रतिनिधि राजधानी रायपुर पहुचेंगे। इस सम्मेलन में गुड गवर्नेंस की बेस्ट प्रैक्टिस, नागरिक सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर बात रखी जाएगी।
साथ ही शासन-प्रशासन के कामकाज और नागरिक सेवाओं की आम जनता तक पहुंच को आसान बनाने के लिए विभिन्न ई-प्लेटफार्म के उपयोग के विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
पहले दिन नवाचार-राज्य पर होगी चर्चा
21 नवंबर को सुबह 10 बजे से इस चर्चा की शुरुआत होगी, पहले दिन नवाचार-राज्य पर पहला सत्र किया जाएगा। सत्र की अध्यक्षता भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के महानिदेशक एस.एन. त्रिपाठी करेंगे, मुख्य सचिव अमिताभ जैन संबोधित करेंगे।
दोपहर बाद 2 बजे से जिला प्रशासन में महिला नेतृत्व पर दूसरा सत्र रखा गया है, जिसकी अध्यक्षता छत्तीसगढ़ सरकार के वन और खाद्य विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा करेंगी।
दोपहर 3.30 बजे से जिलों का समग्र विकास पर तीसरा सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक अध्यक्षता करेंगी।
दूसरे दिन इन विषयों पर होगी बात
क्षेत्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन 22 नवंबर को सुबह 10 बजे से चौथा सत्र की शुरुआत होगी, इसमें छत्तीसगढ़ सरकार की सर्वोत्तम प्रथाएं (बेस्ट प्रेक्टिसेस) पर रखा गया है। इस सत्र की अध्यक्षता वाणिज्य और उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार करेंगे।
वहीं सुबह 11.30 बजे जिलों के समग्र विकास में संतृप्ति दृष्टिकोण (सेचुरेशन एप्रोच इन होलिस्टिक डेव्हलपमेंट ऑफ डिस्ट्रिक्ट्स) पर पांचवा सत्र आयोजित किया जाएगा। जिसकी अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद करेंगे।
केन्द्रीय मंत्री समापन में होंगे शामिल
सीएम विष्णु देव साय और भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह दोपहर 2 बजे से आयोजित इस क्षेत्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल होंगे।
