DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

अमृत सरोवर स्थलों पर मनाया गया गणतंत्र दिवस

सामुदायिक मंच बने अमृत सरोवर

जिले के अमृत सरोवर तट पर शान से लहराया तिरंगा

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग के मार्गदर्शन में गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के अमृत सरोवर स्थलों पर तिरंगा फहराया गया। इस दौरान जनमानस में देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और जल सुरक्षा के जागरूकता संदेश देने के लिए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

जिले में अब तक 113 अमृत सरोवर तैयार किए जा चुके हैं। सरोवर के तट पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, सैनिकों के परिवारजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

अमृत सरोवरों के परिसर में ध्वजारोहण के साथ-साथ वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, अमृत सरोवर के महत्व को बताने के लिए गांवों में प्रभात फेरी,सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक परिचर्चा एवं जन-जागरूकता रैली आयोजित की गईं। इन आयोजनों का उद्देश्य अमृत सरोवरों को जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बनाना तथा जीवंत सामुदायिक मंच बनाना है।

जिला पंचायत सीईओ द्वारा पूर्व में सभी जनपद पंचायत सीईओ, कार्यक्रम अधिकारियों एवं क्रियान्वयन एजेंसियों को निर्देशित किया गया था कि प्रत्येक अमृत सरोवर स्थल पर गणतंत्र दिवस का उत्सव मनाया जाए तथा कार्यक्रमों में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।

आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, महिला स्व-सहायता समूह, मनरेगा हितग्राही, अधिकारी-कर्मचारी एवं सामाजिक संगठन शामिल हुए।

Exit mobile version