कोरबा। छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी ने सामान्यजनों के लिए आदेश जारी करते हुए कहा है कि ग्राम पंचायत के सरपंच/ पंच पदों के प्रवर्गवार एवं महिलाओं के प्रवर्गवार स्थानों के आबंटन/ आरक्षण के लिए तिथि निर्धारित की है। कल 17 दिसंबर को ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं पंचों का आरक्षण होगा। जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत समस्त ग्राम पंचायतों के लिए जनपद पंचायत का सभागार, पाली के लिए जनपद पंचायत पाली, करतला के लिए जनपद पंचायत करतला, कटघोरा के लिए जनपद पंचायत कटघोरा एवं पोड़ी उपरोड़ा के लिए जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सभा कक्ष में कर्यवाही पूरी की जाएगी। सरपंच/ पंच का आरक्षण 17 दिसंबर को ही सभी जनपदों में प्रात: 10.30 बजे से प्रारंभ होगा, जहां पर आम जनता पहुंचकर प्रक्रिया जान सकते हैं।
19 को जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्यों का होगा आरक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने आदेश जारी करते हुए जिला पंचायत एवं जनपद पंचायतों के सदस्यों का आरक्षण की तिथि 19 दिसंबर तय की है। पूरे जिले के जिला पंचायत सदस्यों एवं जनपद सदस्यों का आरक्षण कलेक्ट्रेट कोरबा के सभाकक्ष में प्रात: 11 बजे से प्रारंभ होगा। यहां भी जिले की जनता कार्यवाही देख सकती है।

