DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

राज्योत्सव की समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

कोरबा, 23 अक्टूबर 2026। राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी 2 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय स्थित घंटाघर चौक, कोरबा में आयोजित होने वाले राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। राज्योत्सव का आयोजन सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपते हुए समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा आम नागरिकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और एम्बुलेंस की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
राज्योत्सव में स्थानीय कलाकारों की सहभागिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए कलाकारों के चयन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत-सत्कार तथा स्थानीय कलाकारों एवं अतिथियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। आयोजन स्थल पर विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल, बैनर, पोस्टर और प्रदर्शनी की व्यवस्था भी की जाएगी।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल की स्वच्छता, सुरक्षा, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित प्रत्येक आवश्यक सुविधा की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। राज्य शासन के निर्देशानुसार 2 नवंबर की रात्रि में जिले के सभी शासकीय भवनों को रोशनी से सजाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपकर तैयारियों को व्यवस्थित रूप से अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Exit mobile version