कोरबा, 25 नवंबर 2026। जिले की पांच जनपद पंचायतों में पंच पदों के रिक्त स्थानों पर निर्वाचन के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कुणाल दुदावत ने रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए हैं। इस संबंध में 23 नवंबर को आदेश जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार जनपद पंचायत कोरबा के लिए तहसीलदार बजरंग लाल साहू को रिटर्निंग ऑफिसर और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय राय को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इनका अधिकार क्षेत्र बेला, चचिया, कुकरीचोली और देवपहरी होगा।
जनपद पंचायत करतला के लिए तहसीलदार राहुल पाण्डेय रिटर्निंग ऑफिसर तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैभव कौशिक सहायक रिटर्निंग ऑफिसर होंगे। इनके अधिकार क्षेत्र में सरगबुंदिया, पचपेड़ी, मदवानी, ढनढनी, उमरेली, महोरा और बुढ़ियापाली शामिल हैं।
जनपद पंचायत कटघोरा में तहसीलदार सूर्यप्रकाश केशकर को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरुण कुमार किरण (आईएएस) को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इनका अधिकार क्षेत्र भिलाईबाजार और कटसीरा होगा। जनपद पंचायत पाली के लिए तहसीलदार भूषण सिंह मण्डावी रिटर्निंग ऑफिसर तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलकांत श्रीवास सहायक रिटर्निंग ऑफिसर होंगे। इनका अधिकार क्षेत्र जोरहाडबरी और नेवसा रहेगा।
जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के लिए तहसीलदार विनय कुमार देवांगन को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश निर्मलकर को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इनका अधिकार क्षेत्र मानिकपुर, लैंगा और सिमगा होगा।
नियुक्त अधिकारी राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की कार्यवाही संपादित कराएंगे।
त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पंच पदों के निर्वाचन के लिए रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त
