DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रायगढ़ में अल्पसंख्यक कल्याण समिति एवं प्रधानमंत्री नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक संपन्न

शासकीय योजनाओं से अल्पसंख्यक समुदाय को लाभान्वित करने पर जोर, चारों विधानसभा क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित करने की मांग

रायगढ़। जिला रायगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1 बजे से अल्पसंख्यक कल्याण समिति एवं प्रधानमंत्री के नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर श्री टोप्पो ने की। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग एवं समिति के सचिव श्री दुबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में जिले के 15 शासकीय विभागों के विभागाध्यक्षों तथा अल्पसंख्यक कल्याण समिति के सदस्यों ने सहभागिता की।

बैठक में 1 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक की तिमाही के दौरान जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय के कितने हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया, इसकी विभागवार जानकारी प्रस्तुत की गई। संबंधित विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन की जानकारी बैठक में साझा की। इस दौरान योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष चर्चा की गई।

बैठक में अल्पसंख्यक मोर्चा एवं समिति के सदस्यों ने भी अपने विचार रखे। सदस्यों ने समुदाय के लोगों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा विभागीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

अपर कलेक्टर श्री टोप्पो ने सदस्यों द्वारा प्रस्तुत सुझावों एवं समस्याओं पर दिशा-निर्देश देते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय कार्यों की प्रगति एवं योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष के साथ साझा करने के लिए भी निर्देशित किया, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी समुदाय तक पहुंच सके और जरूरतमंद पात्र लोगों को समय पर लाभ मिल सके।

चार विधानसभा क्षेत्रों में जागरूकता शिविर लगाने की मांग

बैठक के दौरान रायगढ़ जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों—लैलूंगा, धर्मजयगढ़, खरसिया एवं रायगढ़—के मुख्यालयों में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए पृथक से शासकीय योजनाओं की जानकारी देने हेतु जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार शिविर आयोजित करने की मांग रखी गई। इस संबंध में जिला कलेक्टर महोदय से आग्रह किया गया कि संबंधित विधानसभा मुख्यालयों में विशेष शिविरों की व्यवस्था की जाए, जिससे अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों की जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त हो सके।

सदस्यों का मानना है कि ऐसे शिविरों के आयोजन से योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, पात्र हितग्राहियों को आवेदन करने में सुविधा मिलेगी तथा शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

समिति के सदस्यों की रही उपस्थिति

बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष असलम हुसैन, छत्तीसगढ़ हज कमेटी के सदस्य गुलाम रहमान खान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मेहरून निशा, जिला महामंत्री साहिल मनियार, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप खलखो, जिला मंत्री रितेश जैन, कार्यालय मंत्री रईस सिद्दीकी, छाल के पूर्व मंडल अध्यक्ष रफीक खान, जिला कार्यसमिति सदस्य फिरोज अली ईरानी सहित अल्पसंख्यक कल्याण समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय, पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा अल्पसंख्यक समुदाय तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए समयबद्ध कार्यवाही पर बल दिया गया। चारों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने की मांग को भी समुदाय के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

Exit mobile version