DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

8 गांवों की चेतावनी पर सड़क मरम्मत शुरू:जांजगीर-चांपा में जर्जर हालत से ग्रामीण परेशान, बोले- नई सड़क बनने तक आंदोलन जारी रहेगा

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक स्थित डोगाकहरौद गांव में खस्ताहाल सड़क का मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। यह कार्रवाई 8 गांवों के सरपंचों की ओर से चक्काजाम की चेतावनी दिए जाने के बाद हुई। हालांकि, ग्रामीण नई सड़क के निर्माण की मांग पर अड़े हुए हैं, जबकि प्रशासन ने फिलहाल मरम्मत कार्य ही शुरू किया है।

पामगढ़ से डोंगाकोहरौद मार्ग की जर्जर हालत से ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं। केसला, भिलौनी, ससहा और धनगांव सहित आसपास के गांवों की महिलाएं भी नई सड़क निर्माण की मांग को लेकर एकजुट हुई हैं। मंगलवार को हुई एक बैठक में ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की और सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जब तक नई सड़क निर्माण की घोषणा नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

सड़क की जर्जर स्थिति और प्रशासन की प्रतिक्रिया

पूर्व जनपद अध्यक्ष राजकुमार पटेल ने बताया कि यह सड़क पिछले 8 साल से पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। ग्रामीणों की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। मंगलवार को ही लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। एसडीएम, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों की कार्रवाई और ग्रामीणों की नाराजगी

हालांकि, मौके पर पहुंचे अधिकारियों की ग्रामवासियों से औपचारिक चर्चा नहीं हो सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने गड्ढों में मिट्टी और गिट्टी भरकर केवल खानापूर्ति की है। लगभग 1 किलोमीटर सड़क की मरम्मत की गई है, जिसे ग्रामीण आंदोलन टालने का प्रयास मान रहे हैं।

ग्रामीणों की मांग- पूरी तरह नई सड़क

ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि उन्हें अब केवल मरम्मत नहीं, बल्कि पूरी तरह से नई सड़क चाहिए। उन्होंने दोहराया है कि जब तक नई सड़क का निर्माण नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Exit mobile version