DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रोशनी नाडार अब देश की सबसे अमीर महिला:अंबानी-अडाणी के बाद तीसरी सबसे धनी; पिता शिव ने HCL-कॉर्प में 47% हिस्सेदारी दी

नई दिल्ली,एजेंसी। एचसीएल (HCL) ग्रुप के संस्थापक शिव नाडार ने हाल ही में बेटी रोशनी नाडार मल्होत्रा को कंपनी की 47% हिस्सेदारी ट्रांसफर की है। ‘ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स’ के मुताबिक, 3.13 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ रोशनी अब तीसरी सबसे अमीर भारतीय बन गई हैं। उनसे ज्यादा संपत्ति सिर्फ मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी के पास है।

रोशनी से पहले उनके पिता शिव नाडार भारत के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति थे। उनके नेतृत्व वाली एचसीएल टेक्नोलॉजी देश की तीसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी है। इसका मार्केट कैप 4.20 लाख करोड़ रुपए है। इसमें अब आधी से ज्यादा हिस्सेदारी शिव नाडार की बेटी के पास है।

रोशनी ब्रिटेन की नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी से कम्युनिकेशन में ग्रेजुएट हैं। उन्होंने केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए भी किया है। रोशनी ने ब्रिटेन में स्काई न्यूज में बतौर प्रोड्यूसर करिअर की शुरुआत की थी।

सावित्री जिंदल से आगे निकलीं रोशनी

रोशनी नाडार अब देश की सबसे अमीर महिला भी हैं। इस मामले में उन्होंने सावित्री जिंदल को पीछे छोड़ दिया है, जिनके पास 2.63 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है। जिंदल पांचवीं अमीर हस्ती हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स- इंडिया लिस्ट के मुताबिक, मुकेश अंबानी 7.7 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ सबसे अमीर भारतीय बने हुए हैं। दूसरे नंबर पर गौतम अडाणी की संपत्ति करीब 6 लाख करोड़ रुपए है।

अमेरिका के साथ पार्टनरशिप में भूमिका

रोशनी यूएस-इंडिया स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप फोरम के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल हैं। वे ‘द नेचर कंजर्वेंसी’ के ग्लोबल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी शामिल हैं। इसके अलावा वे एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी के बोर्ड में इंडिपेंडेंट डायरेक्टर भी हैं।

रोशनी शिव नाडार फाउंडेशन की ट्रस्टी हैं। बिजनेस और समाज में योगदान के लिए उन्हें कई बार फॉर्च्यून इंडिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की लिस्ट में शामिल किया जा चुका है।

आईबीएम के 7 प्रोडक्ट्स का अधिग्रहण

रोशनी 2009 में पिता की कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज और एचसीएल इन्फोसिस्टम्स की होल्डिंग कंपनी एचसीएल कॉरपोरेशन में शामिल हुईं थीं। 2020 में एचसीएल टेक की चेयरपर्सन बनीं। उनके नेतृत्व में एचसीएल ने 13,740 करोड़ रुपए में आईबीएम के 7 प्रोडक्ट्स का अधिग्रहण किया। यह एचसीएल के इतिहास में सबसे बड़ा अधिग्रहण था।

Exit mobile version