DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जंगल में मिली पति-पत्नी की सड़ी-गली लाश:मौके से बैग और शीशी बरामद, सुसाइड की आशंका; 15 नवंबर से थे लापता

कोरबा। कोरबा जिले के जंगल में शनिवार शाम महिला और पुरुष की सड़ी-गली लाश मिली है। ग्रामीणों ने जंगल में लाश मिलने की सूचना कटघोरा पुलिस को दी। मामला कटघोरा थाना इलाके के गुरुडुमुड़ा गांव का है।

सूचना मिलने पर एएसपी यूबीएस चौहान, कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। आसपास के ग्राम पंचायतों के सरपंच और ग्रामीणों से पूछताछ में जानकारी मिली कि दोनों मृतक पति-पत्नी हैं। शवों की पहचान आनंदकुंवर अगरिया (55 साल) और पति चरण साय अगरिया (65 साल) के रूप में हुई है।

जांच करती हुई पुलिस।

जांच करती हुई पुलिस।

भाई के दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे

महिला गांव घरीपखना की निवासी थी और शादी के बाद कोरबा ब्लॉक के ग्राम तिलईडांड के पंडरीपानी में रहती थी। कुछ दिनों पहले महिला के भाई का दशगात्र कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने दोनों पति-पत्नी आए हुए थे।

घटनास्थल के पास मिला बैग।

15 नवंबर से थे लापता

15 नवंबर को दशगात्र कार्यक्रम से वे ग्राम पंडरीपानी के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। लापता होने के 15 दिन बाद शनिवार शाम गुरुडुमुडा के जंगल में सड़ी-गली हालत में दोनों की लाश मिली। जानकारी के मुताबिक दोनों के कोई बच्चे नहीं है।

मौके से बैग और शीशी बरामद

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान ने बताया काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से पहचान करवाई की गई। दोनों का मोबाइल बंद आ रहा था। घटनास्थल के पास से एक बैग और छोटी बोतल भी बरामद की गई है। प्रथम दृष्टि से सुसाइड का मामला नजर आ रहा है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Exit mobile version