DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

महासमुंद में कार से 75 लाख कैश पकड़ाया:टेमरी-नाका पर पुलिस ने पकड़ी गाड़ी, बैग से 500-500 की गड्डियां मिलीं,ओडिशा से आ रहे दो गिरफ्तार

महासमुंद,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक होंडा कार से 75 लाख रुपए नकद जब्त किए हैं। कार में 2 युवक सवार थे। गाड़ी से कांटाबांजी से रायपुर की तरफ से आ रहे थे।

दोनों से जब कैश के बारे में पूछा गया तो वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कार, मोबाइल और नकदी सहित कुल 85 लाख 10 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।

अब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम इसकी जांच कर रही है। यह कार्रवाई 16 मार्च 2026 को टेमरी नाका पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई। यह मामला कोमाखान थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 16 मार्च 2026 को टेमरी नाका पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई। ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रही सफेद होंडा कार (क्रमांक OD 05 PB 2122) को रोका गया। कार चालक की पहचान ओडिशा के बलांगीर जिले के मुंडापला निवासी राजेंद्र महानंद (27) के रूप में हुई, जबकि बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम बलांगीर जिले के कांटाबांजी निवासी महाप्रज्ञ जैन (47) बताया।

जांच के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे एक नीले रंग के बैग से 75 लाख रुपए नकद बरामद हुए। ये 500-500 रुपए के नोटों के 150 बंडल थे, जिनमें प्रत्येक बंडल में 100 नोट शामिल थे।

पूछताछ में महाप्रज्ञ जैन ने बताया कि यह राशि सोना-चांदी के व्यापार से संबंधित है और इसे कांटाबांजी से रायपुर के मनोहर मका एंड कंपनी और 60 ज्वेलर्स को पहुंचाया जा रहा था। पुलिस ने वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 94 के तहत नोटिस दिया, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाए।

दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने 75 लाख रुपए नकद, लगभग 10 लाख रुपए की होंडा कार और लगभग 10 हजार रुपए का एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया। जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य 85 लाख 10 हजार रुपए आंका गया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Exit mobile version