DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

प्लेन क्रैश की अफवाह, लोग रहे परेशान:जांच के लिए सरगुजा–सूरजपुर की टीमें जुटीं, अधिकारी बोले- हादसे का कोई प्रमाण नहीं मिला

सरगुजा,एजेंसी। सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर प्लेन क्रैश होने की खबर से प्रशासनिक अमले सहित आम लोग परेशान रहे। बताया गया कि एक छोटा विमान काफी कम ऊंचाई पर उड़ता दिखा, जिसके बाद उसके क्रैश होने की अफवाह फैल गई। हालांकि शाम तक की खोजबीन में ऐसी किसी घटना के प्रमाण नहीं मिले। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्लेन क्रैश की सूचना पूरी तरह निराधार थी।

जानकारी के मुताबिक, उदयपुर थाना क्षेत्र में दोपहर करीब ढाई बजे यह चर्चा शुरू हुई कि एक विमान कम ऊंचाई पर उड़ता देखा गया है। इसके बाद शंकरपुर के जंगल में विमान गिरने की बात फैल गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला, पुलिस टीम और स्थानीय लोग जंगल की ओर रवाना हुए।

सूरजपुर जिले में भी यह चर्चा फैल गई कि सरगुजा–सूरजपुर सीमा पर विमान हादसे का शिकार हो गया है। अफवाह तेजी से फैलने लगी, जिससे कई क्षेत्रों में हलचल मच गई।

घंटों की तलाश के बाद कुछ नहीं मिला

अफवाह के बाद शंकरपुर समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में लोग जंगल की ओर निकल पड़े। उदयपुर, प्रेमनगर और रामानुजनगर ब्लॉक से भी ग्रामीण तलाश में जुटे।

उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत मौके पर पहुंचे। पटवारी और कोटवारों की टीम ने ग्रामीणों के साथ जंगल में तलाश की। शाम करीब 5 बजे तक खोजबीन जारी रही, लेकिन किसी प्रकार के हादसे के संकेत नहीं मिले। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

जंगल में लगी आग से फैली गलतफहमी

बताया गया कि मंगलवार दोपहर एक छोटा विमान कम ऊंचाई पर उड़ता नजर आया था। उसी दौरान जंगल से धुआं उठता दिखा। धुएं को देखकर लोगों ने विमान गिरने की आशंका जता दी।

जंगल में पहुंचने पर पता चला कि वहां आग लगी हुई है। आग से उठ रहा धुआं दूर तक फैल रहा था, जिससे भ्रम की स्थिति बनी।

प्रशासन ने अफवाह बताया मामला

उदयपुर एसडीएम बन सिंह नेताम ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने एहतियातन गांव पहुंचकर जांच की। मौके पर किसी भी प्रकार के विमान हादसे के प्रमाण नहीं मिले।

सूरजपुर एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने भी स्पष्ट किया कि सूचना की पुष्टि कराई गई। किसी भी स्थान से प्लेन क्रैश की जानकारी नहीं मिली है। मामला केवल अफवाह निकला।

Exit mobile version