DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में ‘रन फॉर ग्रीन’ मैराथन आयोजित:’एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हरित कोरबा का संदेश

कोरबा। कोरबा में पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर ग्रीन’ मैराथन का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन और नगर निगम कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में 18 जुलाई को सुबह 7 बजे घंटाघर कोरबा के ओपन थिएटर से यह मैराथन शुरू हुई।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आयोजित इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इसके साथ ही, अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना और स्वच्छ एवं हरित कोरबा के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना भी शामिल था।

कोरबा में पर्यावरण को बचाने के लिए रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

कोरबा में पर्यावरण को बचाने के लिए रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

सभी ने वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान में भाग लिया

मैराथन के समापन के बाद सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में जिले के नागरिक, युवा, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन, खेल प्रेमी और स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी प्रतिभागी हरी टी-शर्ट में नजर आए, जिससे पूरा ओपन थिएटर मैदान हरियाली से भर गया। मैराथन शुरू होने से पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में स्कूली बच्चों ने जुंबा डांस प्रस्तुत किया।

निगम सभापति, निगम आयुक्त समेत सभी ने पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया।

सभी ने पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने की। इस अवसर पर नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, निगम आयुक्त आशुतोष पांडे सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। भारतीय महिला फुटबॉल टीम की खिलाड़ी और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की विजेता टीम की कप्तान सुश्री किरण पिस्दा इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहीं। उन्होंने धावकों का उत्साहवर्धन किया और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 50 हजार रुपये से अधिक के नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रशासन ने बताया कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हर नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए, क्योंकि स्वच्छ और हरित कोरबा बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Exit mobile version