DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रुपए ने दी डॉलर को पटखनी, 8 महीने के हाई पर पहुंची भारतीय करेंसी

मुंबई, एजेंसी। रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 69 पैसे मजबूत होकर आठ महीने के उच्चस्तर 92.16 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार तेजी और विदेशी पूंजी के लगातार निवेश के बीच रुपए को समर्थन मिला और यह इस साल के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। 

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भी रुपए को मजबूती मिली। इससे भारतीय मुद्रा चालू वित्त वर्ष में अब तक हुए अपने सभी नुकसान की भरपाई करने में सफल रही। दुनिया भर के निवेशकों ने अन्य परिसंपत्तियों के मुकाबले भारतीय शेयरों को तरजीह दी। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.65 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान मजबूत होकर 92.16 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर पहुंच गया। यह पिछले बंद से 69 पैसे की बढ़त है। इससे पहले रुपए का उच्चतम बंद स्तर 16 मार्च को 92.28 प्रति डॉलर दर्ज किया गया था। 

रुपया सोमवार को सात महीने के उच्चतम स्तर से नीचे आया था और 23 पैसे की गिरावट के साथ 92.85 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। गुरु नानक जयंती के अवसर पर मंगलवार को भारतीय मुद्रा बाजार बंद था। रुपये ने 13 नवंबर को दर्ज 94.19 प्रति डॉलर के बंद भाव के बाद लगातार पांच कारोबारी सत्रों में 1.6 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की है। पिछले सात सप्ताह में भारतीय मुद्रा आठ अक्टूबर को डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 96.88 से करीब पांच प्रतिशत उबर चुकी है।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये में उछाल आया। हालांकि, डॉलर की मजबूती ने रुपए की बढ़त को सीमित किया। उन्होंने कहा कि घरेलू बाजारों में मजबूती और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के निवेश से रुपए में सकारात्मक रुख बने रहने की उम्मीद है। चौधरी ने कहा, ”डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 91.95 से 92.55 के दायरे में रहने का अनुमान है।” 

चॉइस ब्रोकिंग की जिंस तकनीकी विश्लेषक कावेरी मोरे के अनुसार, रुपए में आई तेजी आगे भी जारी रह सकती है। मोरे ने कहा, “नवंबर में 14 अरब डॉलर से अधिक का विदेशी पोर्टफोलियो निवेश, विदेशी बॉन्ड में नए सिरे से खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और डॉलर की उपलब्धता बढ़ाने तथा रुपये को स्थिर करने के लिए आरबीआई द्वारा उठाए गए कदमों से रुपए में तेजी को समर्थन मिला है।” उन्होंने कहा, ”निकट भविष्य में विदेशी निवेश का लगातार जारी रहना और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी रुपये की सुधार यात्रा को समर्थन देने वाले प्रमुख कारक बने रह सकते हैं।” 

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत बढ़कर 103.90 पर रहा। सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर निवेशकों के रुख के बीच अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट आई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.16 प्रतिशत गिरकर 91.55 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 1,215.02 अंक यानी 1.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,651.01 और निफ्टी 368.15 अंक यानी 1.45 प्रतिशत चढ़कर 25,717.60 अंक पर बंद हुआ।

Exit mobile version