राजनीति में कुर्सी का जितना महत्व है, उतना ही महत्व दरी का भी है। कुर्सी पर बैठने वाला नेता कहलाता है और दरी बिछाने वाला कार्यकर्ता! लेकिन राजनीति का खेल बड़ा निराला है। कल तक जो नेता एक-दूसरे के लिए दरी बिछाते थे, आज वही मंच पर जगह पाने के लिए एक-दूसरे की दरी खींच रहे हैं।
राजनीति में इन दिनों दरी को लेकर बड़ा दिलचस्प मुकाबला चल रहा है। राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन की राजनीति में कौन किसके साथ खड़ा होगा और कौन किसके लिए दरी बिछाएगा, यह लाख टके का सवाल है। इसके बाद सीट शेयरिंग को लेकर बवाल है।
नेताओं की जुबान पर सामाजिक परिवर्तन, भाईचारा और एकता के नारे हैं, लेकिन मन में सीटों का गणित चल रहा है। हर कोई चाहता है कि गठबंधन तो हो, मगर नेतृत्व उसका हो। दूसरे की ताकत का फायदा भी मिल जाए और अपनी कुर्सी भी सुरक्षित रहे। इसे कहते हैं राजनीतिक प्रेम, जिसमें मिठास कम और शर्तें ज्यादा होती हैं।
सबसे मजेदार स्थिति कार्यकर्ताओं की है। बेचारे सुबह से दरी बिछाते हैं, कुर्सियां लगाते हैं, झंडे उठाते हैं और नारे लगाते हैं। लेकिन जब मंच पर नेताओं के बैठने की बारी आती है तो पता चलता है कि जगह ही कम पड़ गई। कभी-कभी तो मंच भी ओवरलोड हो जाता है, उस बापडे की ताकत भी बेबस होकर जवाब देने लगती है। तब वह अपने आप को लाचार पाता है और टूटकर गिर जाता है।उसकी किस्मत भी इतनी अच्छी रहती है कि उसे एक नहीं सैकड़ो लोग शूट कर रहे होते हैं। टीवी चैनल वाले भी इसकी शानदार-मसालेदार न्यूज़ बनाते हैं। क्योंकि उन्हें भी राजनीतिक पार्टियों की फजिती को दिखाने में बड़ा आनंद आता है। क्योंकि बार-बार बाइक दिखाने का मजा ही कुछ और है। अंत:तोगत्वा अब कार्यकर्ता सोचता है कि जिस दरी को उसने बिछाया था, उस पर बैठने का अधिकार भी उसे मिलेगा या नहीं?
चुनाव आते ही पुराने विरोधी मित्र बन जाते हैं और मित्र विरोधी। कल तक जिनके भाषणों में एक-दूसरे के लिए आग बरसती थी, आज उन्हीं के हाथों में गुलदस्ते नजर आते हैं। राजनीति में न स्थायी दोस्ती है, न स्थायी दुश्मनी; स्थायी है तो सिर्फ सत्ता की कुर्सी। इसी कुर्सी से तो होती है मिज़ाजपूर्सी।
असल सवाल यह नहीं कि कौन किसकी दरी बिछाएगा, सवाल यह है कि जनता के लिए विकास की दरी कौन बिछाएगा? क्योंकि जनता अब भाषणों की नहीं, काम की कुर्सी चाहती है।
संजय एम तराणेकर
(कवि, लेखक व समीक्षक)
इन्दौर-452011 (मध्य प्रदेश)
मो. 98260 25986

