DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महाअभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर जोर

कोरबा/सीतामढ़ी । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महाअभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय सीतामढ़ी में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं AICC द्वारा नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में बैठक की गई।

बैठक में जयसिंह अग्रवाल का पारंपरिक मैथिली रीति-रिवाज एवं उत्साहपूर्ण नारों के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, NSUI, INTUC सहित विभिन्न संबद्ध संगठनों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महाअभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए केवल बैठकें करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सक्रिय होकर जनता के बीच पहुंचना होगा।
श्री अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से सीधा संपर्क स्थापित करें, मतदाता सूची में नामों की जांच के लिए नागरिकों को जागरूक करें तथा जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी शिकायत के मामले में तथ्यों एवं अभिलेखों का सत्यापन करते हुए कानूनी और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं का पालन किया जाना चाहिए।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं राहुल गांधी के नेतृत्व में संचालित इस महाअभियान को संगठन के प्रत्येक स्तर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। उपस्थित कांग्रेसजनों ने आपसी समन्वय के साथ अभियान को मजबूत बनाने तथा पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला प्रभारी डॉ. गौरव वर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित कुमार टुन्ना, पूर्व जिला अध्यक्ष सीताराम झा, रकतू प्रसाद, मोहम्मद अरशद, डॉ. राजीव कुमार ‘काजू’, मोहम्मद शमीम शहनवाज, अंजारुल हक, तौहीद, ताराकांत झा, मनोज कुमार सिंह, आफताब अंजुम बिहारी, सिकंदर हयात खान, श्रीमती रितु ठाकुर, राजेश यादव, INTUC अध्यक्ष दिलीप पाण्डेय, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहन कुमार, NSUI अध्यक्ष सक्षम कुमार, सेवादल अध्यक्ष राम प्रवेश कुशवाहा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में जयसिंह अग्रवाल ने अभियान को गति देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित कुमार टुन्ना को एक प्रारूप पत्रक भी उपलब्ध कराया, ताकि उसे कार्यकर्ताओं तक पहुंचाकर अभियान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाया जा सके।

Exit mobile version