DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

तुलसी पूजन दिवस पर निकली संकीर्तन यात्रा

आरोग्यता और शांति का आधार है नियमित तुलसी पूजन: अशोक मोदी

कोरबा। श्री योग वेदांत सेवा समिति, कोरबा के तत्वावधान में तुलसी पूजन दिवस” समारोह भव्यता के साथ मनाया गया। सप्तदेव मंदिर, सीतामढ़ी रोड में आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति और सेवा का संगम देखने को मिला। समारोह का मुख्य आकर्षण टीपी नगर प्रेस कॉम्प्लेक्स से निकलने वाली भव्य संकीर्तन यात्रा रही। समिति के संरक्षक एवं प्रथम अध्यक्ष अशोक मोदी ने तुलसी पूजन और श्रीफल फोड़कर यात्रा की शुरुआत की। यह यात्रा पावर हाउस रोड से होते हुए मेन रोड कोरबा, गणेश डेयरी और राजवाड़े कुर्मी समाज भवन से होकर वापस सप्तदेव मंदिर पहुंची।

यात्रा में बाजे-गाजे और बग्घी रथ के साथ-साथ पारंपरिक कर्मा नृत्य की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। मार्ग में गायत्री परिवार, सिंधी पंचायत समाज और सरयूपारिण द्विज ब्राह्मण समाज ने शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं को खिचड़ी, बूंदी, गुड़-पापड़ी (चिक्की) का भोग प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने तुलसी के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर अपने विचार रखे। समिति के प्रथम अध्यक्ष मोदी ने कहा कि नियमित तुलसी पूजन से आरोग्यता और मानसिक शांति प्राप्त होती है।

पूर्व पार्षद जगदीश श्रीवास ने बताया कि तुलसी पूजन अनादि काल से चली आ रही परंपरा है, जिसका पालन स्वयं भगवान श्रीराम ने भी किया था। वर्तमान अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद साहू ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष के अंत में शराब का सेवन और व्यभिचार चरम पर रहता है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ती हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी को इन बुराइयों से बचाने के लिए तुलसी पूजन को एक वैश्विक विकल्प के रूप में अपनाने पर जोर दिया। सिंधी पंचायत समाज के संरक्षक कंवर राम मनवानी ने हिन्दू धर्म को एक रहने और किसी भी हिन्दू पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ एकजुट होने की सलाह दी। समिति द्वारा इस अवसर पर तुलसी के पौधों और ”तुलसी महात्म्य” नामक पुस्तक का नि:शुल्क वितरण किया गया।

Exit mobile version