DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

विश्व पर्यावरण दिवस पर अमृत सरोवर स्थल में किया गया पौधरोपण

विविध जागरूकता गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

कोरबा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधरोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत अमृत सरोवर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता एवं रखरखाव अभियान चलाया गया। प्रतिभागियों को जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, जैव विविधता संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सामुदायिक सहभागिता की महत्ता पर भी प्रकाश डाला गया।

ग्रामीणों को खुले में कचरा फेंकने एवं कचरा जलाने से होने वाले पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। बताया गया कि कचरा जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, जिससे मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इस अवसर पर ग्राम स्तर पर कचरा संग्रहण एवं प्रसंस्करण व्यवस्था, बल्क वेस्ट जनरेटर की जिम्मेदारियों तथा स्वच्छ ग्राम निर्माण में जनसहभागिता की भूमिका की जानकारी भी दी गई।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्रामीणों ने अमृत सरोवर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लगाए गए पौधों की देखरेख एवं संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के प्रमुख प्रावधानों एवं नियमों की जानकारी भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं वृक्ष संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए प्रकृति के संरक्षण हेतु सामूहिक प्रयासों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

Exit mobile version