लोकतंत्र में चुनाव जीतना और हारना तो चलता रहता है, लेकिन कुछ लोगों के लिए हार इतनी भारी पड़ जाती है कि उसका असर बिजली के खंभों तक पहुँच जाता है। राजस्थान के टोंक जिले के चार गांवों में पंचायत चुनाव के बाद स्ट्रीट लाइटों को खंभों से उतरवाने की खबर ने लोकतंत्र के एक नए अध्याय का उद्घाटन कर दिया है। लगता है अब चुनाव केवल वोटों से नहीं, बिजली के स्विच से भी लड़े जाएंगे।
गांव की गलियों में लगी रोशनी शायद किसी उम्मीदवार की निजी संपत्ति समझ ली गई थी। जब चुनावी परिणाम मनमाफिक नहीं आए, तो रोशनी भी नाराज होकर खंभों से उतरने लगी। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब पचास एलईडी लाइटें चुनावी हार के बाद हटाई गईं। अब सवाल यह है कि लाइटें जनता के लिए लगाई गई थीं या किसी चुनावी एहसान की किश्त थीं?
लोकतंत्र में जनता वोट देकर प्रतिनिधि चुनती है, मगर कहीं-कहीं लगता है कि जनता को वोट देने के बाद अंधेरे में रहने का बोनस भी मिलता है। चुनाव जीतने पर विकास की रोशनी और हारने पर रोशनी का हिसाब-किताब! यह कैसी राजनीति है, जिसमें सड़क, पानी और बिजली भी चुनावी मूड देखकर व्यवहार करते हैं?
वैसे स्ट्रीट लाइटों का उतरना एक नई राजनीतिक तकनीक हो सकती है। विरोधियों को हराने के लिए भाषण, पोस्टर और प्रचार के बाद अब बिजली के खंभे भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं। जनता यदि नाराज हो तो अगली बार मतदान से पहले लाइटों की गिनती जरूर कर ले।
अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है, उम्मीद है जांच में यह भी पता चलेगा कि लाइटें सरकारी थीं, निजी थीं या चुनावी भावनाओं की शिकार थीं।
क्योंकि लोकतंत्र में जनता को जागरूक होना चाहिए, मगर अगर जागने के लिए रात में रोशनी ही न मिले, तो सुबह वोट डालने का रास्ता कैसे दिखाई देगा?
संजय एम तराणेकर
(कवि, लेखक व समीक्षक)
इन्दौर-452011 (मध्य प्रदेश)
मो. 98260 25986

