DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

व्यंग्य : संजय की तीसरी आँख : मरीजों के पैरों पर चूहों का राज, जिम्मेदारों की मौन आवाज़


अस्पताल को लोग जिंदगी बचाने का मंदिर मानते हैं, लेकिन अब कुछ अस्पतालों में मरीजों की जिंदगी बचाने के साथ-साथ उनके पैरों की रखवाली करना भी जरूरी हो गया है। राजस्थान के पाली जिले के एक अस्पताल में भर्ती मरीज के पैरों की उंगलियां चूहे कुतर गए। ये सिर्फ समाचार नहीं, इसे चूहों की गुंडागर्दी या दबंगई की उपमा भी दी जा सकती हैं। अब इसे अस्पताल की लापरवाही कहें या चूहों की बढ़ती हिम्मत, यह शोध का विषय हो सकता है।

अस्पताल में मरीज बीमारी से लड़ने आता है, लेकिन यहां उसे बीमारी के साथ चूहों, कुत्तों और चोरों से भी मुकाबला करना पड़ता है। मरीज सोचता है कि डॉक्टर उसकी बीमारी ठीक करेंगे, लेकिन उसे क्या मालूम कि रात में चूहे उसकी सेहत का जायजा लेने नहीं, बल्कि पैरों का निरीक्षण करने आते हैं। गहरी नींद में सोए मरीजों को मीठी फूंक मार के पैर की उंगलियों को सौंफ-सुपारी समझ रसास्वादन कर फुर्र हो जाते हैं।

अस्पताल प्रशासन की दलील भी कम दिलचस्प नहीं होती। चूहेदानी का मांगपत्र स्टोर डिपार्टमेंट की ओर जा चुका है। कभी कहा जाता है कि सफाई हो रही है, कभी सुरक्षा बढ़ाई जा रही है और कभी जांच के आदेश दे दिए जाते हैं। जांच ऐसी कि चूहा भी रिपोर्ट आने तक आराम से अपनी अगली योजना बना सकता है, बल्कि उसे अमल में भी ला सकता है।

सरकारी अस्पतालों में बजट की कमी नहीं होती, कमी होती है तो जिम्मेदारी निभाने वालों की। सफाई के लिए कर्मचारी, सुरक्षा के लिए गार्ड, निगरानी के लिए अधिकारी और व्यवस्था सुधारने के लिए समितियां भी हैं। फिर भी चूहे अस्पताल में बेखौफ घूम रहे हैं। लगता है उन्हें भी किसी सरकारी योजना का लाभ मिल रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि अस्पताल में मरीज सुरक्षित नहीं तो फिर सुरक्षित कौन है? मरीज के परिजन दवा और इलाज के लिए परेशान हैं, जबकि अस्पताल प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से बचने के उपाय खोज रहा है। अब समय आ गया है कि अस्पतालों में केवल मरीजों का इलाज नहीं, व्यवस्था की भी सर्जरी हो। वरना कहीं ऐसा न हो कि मरीज बीमारी से ठीक होकर जाए और अस्पताल से चूहों का आतंक साथ लेकर जाए!

संजय एम तराणेकर
(कवि, लेखक व समीक्षक)
इन्दौर-452011 (मध्य प्रदेश)
मो. 98260 25986

Exit mobile version