रायपुर,एजेंसी। रायपुर के जूक क्लब में महादेव सट्टा ऐप के संचालक सौरभ चंद्राकर के भांजे ने दोस्तों के साथ मिलकर युवक की पिटाई कर दी। युवक पर लात-घूंसे और मुक्के बरसाए गए। पिस्टल के बट से भी हमले की बात सामने आई है। युवक लहूलुहान हो गया। नाक-मुंह से खून निकलने लगा। इसके बाद आरोपी डांस करते हुए दिखे।
घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। मामला तेलीबांधा थाना इलाके का है। पीड़ित अज्जू पांडे ने बताया कि रविवार की रात वह जूक क्लब गया था। इस दौरान भिलाई निवासी प्रखर चंद्राकर, पुलकित चंद्राकर और प्रेम अपने साथियों के साथ पहुंचे थे। अज्जू का इन आरोपियों से पुराना विवाद था। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
CCTV वीडियो में दिख रहा है कि सबसे पहले अज्जू पांडे को मुक्का मारा गया।
एक युवक अज्जू के सिर पर तड़ातड़ मारता हुआ दिखाई दे रहा है।
अज्जू पर जमकर लात भी बरसाए गए। जिससे उसके मुंह से खून निकलने लगा।
हमले में अज्जू लहूलुहान हो गया, उसके मुंह से खून निकलने लगा।
क्लब में बातचीत के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक रविवार रात 11 बजे अज्जू क्लब में आरोपियों को दिखा तो पहले बातचीत शुरू हुई। इसी दौरान विवाद शुरू हो गया। आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। उस पर लात-घूंसे और कुर्सी से हमला किया गया। जिससे अज्जू के नाक, चेहरे और कमर में चोटें आई है। वारदात के बाद आरोपी डांस करते भी दिखे।
क्लब के सीसीटीवी कैमरे में मैनेजर और कर्मचारी आरोपियों से युवक को बचाते दिख रहे हैं। मारपीट के दौरान पिस्टल के बट से हमला करने की बात कही जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
युवक पर जानलेवा हमले मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
आरोपी सट्टा किंग सौरभ चंद्राकर के रिश्तेदार
शिकायतकर्ता अज्जू ने आरोपियों को सट्टा किंग सौरभ चंद्राकर का रिश्तेदार बताया है। घटना के बाद पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस क्लब संचालकों से CCTV फुटेज मांगकर आगे की जांच कर रही है।

