DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

SBI म्यूचुअल फंड को साउथ इंडियन बैंक में 9.99% तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने निजी क्षेत्र के साउथ इंडियन बैंक में 9.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल करने के एसबीआई म्यूचुअल फंड के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। बैंक ने नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी। बैंक ने बताया कि उसे इस मंजूरी की जानकारी 23 नवंबर को दी गई। यह मंजूरी संबंधित नियामकीय शर्तों के अनुपालन पर निर्भर है। 

साउथ इंडियन बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ”आरबीआई ने एसबीआई म्यूचुअल फंड को बैंक की चुकता शेयर पूंजी या मतदान अधिकारों में कुल 9.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल करने की मंजूरी दी है। यह मंजूरी उसमें निर्दिष्ट शर्तों के अधीन है।” 

यह मंजूरी बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949, वाणिज्यिक बैंकों में शेयर या मतदान अधिकारों के अधिग्रहण एवं हिस्सेदारी से संबंधित आरबीआई के 2025 के दिशानिर्देशों, विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम, 1999 और अन्य लागू कानूनों एवं नियामकीय दिशानिर्देशों के अनुपालन पर निर्भर है। 

Exit mobile version