
पंचकूला,एजेंसी। हरियाणा के पंचकूला में शनिवार दोपहर पंजाब से मोरनी हिल्स जा रही बच्चों से भरी स्कूल बस खाई में पलट गई। हादसे में बस के ड्राइवर के अलावा 14 बच्चे घायल हो गए। बच्चे स्कूल ट्रिप पर मोरनी हिल्स जा रहे थे
सभी बच्चों को मोरनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर घायल बच्चों को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
बस ड्राइवर विनोद छाबड़ा के दोनों पैरों में फ्रैक्चर है। उन्हें चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा कैसे हुआ। पुलिस की टीमें जांच कर रही हैं।
बच्चे पंजाब में मलेरकोटला के ननकाना साहिब स्कूल के हैं। बस में टीचर, ड्राइवर, कंडक्टर के अलावा 45 बच्चे सवार थे। टिक्कर ताल रोड पर थल गांव के पास बस की स्पीड काफी ज्यादा थी। ड्राइवर बस को कंट्रोल नहीं कर पाया और वह अचानक खाई में पलट गई।
स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू किया
बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को पहले रोड पर लेकर आए। मौके पर पुलिस की टीमें भी पहुंच गईं। एम्बुलेंस बुलाकर घायल बच्चों और अन्य स्टाफ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
