DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जर्जर भवनों में स्कूल, आंगनबाड़ी नहीं होंगे संचालित

डिसमेंटल के लिए भेजना होगा प्रस्ताव, GPM कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में दिए निर्देश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,एजेंसी। गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले की साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने कई मुद्दों की समीक्षा की। उन्होंने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जर्जर भवनों में स्कूल, आंगनबाड़ी और छात्रावास न चलाने के निर्देश दिए। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को जर्जर शाला भवनों की जानकारी जिला पंचायत सीईओ को देने के निर्देश दिए। सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को मैदानी दौरा के दौरान जर्जर भवनों को डिसमेंटल कराने का प्रस्ताव भेजने को कहा। जहां स्कूल परिसर में जलभराव होता है, वहां जल निकासी की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में 107 न्यायालयीन प्रकरण लंबित होने पर संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर जवाब-दावा पेश करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों से जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

रिक्त पदों पर भी जल्द भर्ती करने के निर्देश

उन्होंने निर्माण कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए लैब के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने को कहा। जिला पंचायत और स्वास्थ्य विभाग में संविदा के रिक्त पदों पर भी जल्द भर्ती करने के निर्देश दिए।

पेंशनों का भुगतान डीबीटी से करने के निर्देश

कलेक्टर ने सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम के तहत सभी पेंशनों का भुगतान डीबीटी से करने और केवाईसी पूरे करने के निर्देश दिए। वन अधिकार पत्र में जिले का नाम परिवर्तन और अभिलेख शुद्धता के लिए ग्राम पंचायत से प्रस्ताव लेकर कार्रवाई करने को कहा।

पूरे हो चुके प्रधानमंत्री आवासों की जीओ टैगिंग, अपूर्ण आवासों को पूर्ण कराने और प्रारंभ आवासों को शुरू कराने के निर्देश भी दिए। हितग्राही की मृत्यु होने पर उनके नॉमिनी के नाम पर आवास करने के निर्देश भी दिए गए।

Exit mobile version