DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

SCO समिट में मोदी बोले- दुनिया में युद्ध-अशांति पर चर्चा:हम भारत में सिविलाइजेशन डायलॉग कर रहे, मीटिंग में पाकिस्तानी मंत्री भी मौजूद

नई दिल्ली, एजेंसी। पीएम मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जब दुनिया में युद्ध और अशांति पर चर्चा हो रही है, तब भारत में सभ्यताओं के बीच संवाद हो रहा है।

PM ने कहा कि दुनिया इस समय उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। ऐसे में सांस्कृतिक जुड़ाव और सहयोग से शांति का रास्ता मजबूत हो सकता है। कार्यक्रम में शामिल पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस फोरम के बाद भारत-पाकिस्तान समेत सभी देशों के रिश्ते बेहतर होंगे।

20 से 22 नवंबर तक चलने वाले SCO फोरम में पाकिस्तान समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है, जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है। SCO फोरम के दौरान पुराना किला में भारत की सभ्यतागत विरासत और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं।

SCO फोरम के दौरान पहली पंक्ति में PM मोदी, दिल्ली की CM रेखा गुप्ता और पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक (बाईं ओर पहले) बैठे नजर आए।

SCO फोरम के दौरान पहली पंक्ति में PM मोदी, दिल्ली की CM रेखा गुप्ता और पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक (बाईं ओर पहले) बैठे नजर आए।

पाक मंत्री बोले- संवाद से एक-दूसरे के विचार को समझेंगे

पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि संस्कृति की भूमिका सिर्फ दो देशों के बीच नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अहम है। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के विचारों और रहन-सहन को समझे बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है। आपसी संवाद से ही एक-दूसरे का नजरिया समझने और पूरे क्षेत्र को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

PM मोदी बोले- डिजिटल माध्यमों से सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ाने के मौके

मोदी ने कहा- भारत के महान गणितज्ञ ब्रह्मगुप्त के विचार विदेशों तक पहुंचे और सूफी परंपरा ने भारत में कव्वाली को विकसित किया देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान की यह प्रक्रिया आज भी जारी रहनी चाहिए। ऐसे में SCO जैसे मंचों की भूमिका अहम हो जाती है।

PM ने कहा- डिजिटल माध्यमों ने सांस्कृतिक जुड़ाव की नई संभावनाएं पैदा की हैं। अब अलग-अलग देशों के लोग कुछ ही मिनटों में एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं। SCO देशों को इन संभावनाओं का लाभ उठाना चाहिए।

PM बोले- ट्रेड रूट्स ने भारत, चीन और मध्य एशिया को जोड़ा

पीएम ने कहा- आज दुनिया में पीपल-टू-पीपल कनेक्ट की चर्चा होती है। करीब 5 हजार साल पहले सिंधु घाटी और मेसोपोटामिया के बीच व्यापार होता था। भारत, चीन और मध्य एशिया ट्रेड रूट्स से जुड़े थे। नालंदा जैसे विश्वविद्यालय ज्ञान के आदान-प्रदान के केंद्र बने।

PM बोले- सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग से देशों के रिश्ते मजबूत होंगे

पीएम मोदी ने कहा कि SCO ने कुछ महीने पहले ही अपनी स्थापना के 25 साल पूरे किए हैं। ऐसे में सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग सदस्य देशों के संबंधों को और मजबूती देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फोरम के जरिए एक नई परंपरा की शुरुआत होगी और इसे ऐतिहासिक बनाया जाएगा।

PM ने दिल्ली के पुराना किला का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारत की अद्भुत सांस्कृतिक धरोहर है और इसका इतिहास महाभारत काल तक जाता है। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर आयोजित कार्यक्रम में बौद्ध दर्शन की प्रस्तुति और हनुमान जी की यात्रा के जरिए प्रेम और एकता का संदेश दिया गया।

मोदी ने कहा कि प्रेम और एकता की ये शिक्षाएं जितनी प्राचीन हैं, उतनी ही सार्वभौमिक भी हैं। ये लोगों को सहज ही एक-दूसरे से जोड़ती हैं और आज के समय की मांग भी हैं।

पीएम बोले- दुनिया में युद्ध-अशांति पर चर्चा हावी

PM मोदी ने कहा- यह पहला SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम है। मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं। जब दुनिया में युद्ध और अशांति पर चर्चा हावी है, तब हम भारत में सभ्यताओं के बीच संवाद कर रहे हैं। यह इसलिए भी अहम है, क्योंकि वैश्विक शांति के लिए सांस्कृतिक जुड़ाव जरूरी है।

पुराना किला में दो प्रदर्शनियां भी लगाई गईं

  • प्रधानमंत्री ने उद्घाटन से पहले पुराना किला में दो प्रदर्शनियां देखीं। इनमें पहली प्रदर्शनी ‘महाभारत स्क्रॉल पवेलियन- अनंत: 18वीं सदी की दुर्लभ महाभारत पांडुलिपि’ पर आधारित है।
  • दूसरी प्रदर्शनी ‘अस्तित्व: द एसेंस ऑफ अवर एग्जिस्टेंस’ में दिल्ली के इतिहास को दिखाया गया है। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के इतिहास को शामिल किया गया है।

पीएम ने SCO फोरम के उद्घाटन से पहले पुराना किला में भारत की विरासत पर आधारित प्रदर्शनी देखी।

फारूक अब्दुल्ला बोले- पाकिस्तानी मंत्री का भारत आना अच्छी शुरुआत

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने SCO फोरम में शामिल होने के लिए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक के भारत आने का स्वागत किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में सुधार की नई शुरुआत होगी।

उन्होंने कहा कि पुराने मुद्दों को फिर उठाने के बजाय शांति और बातचीत पर ध्यान देना चाहिए। अब्दुल्ला ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि बातचीत से बेहतर कुछ नहीं हो सकता।

यह तीन दिवसीय कार्यक्रम बहुपक्षीय SCO आयोजन है। इसमें अलग-अलग देशों के विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

इस फोरम का प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 में तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान रखा था। बिश्केक घोषणा में भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया था।

चीन, ईरान सहित कई देश फोरम में शामिल

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 13 नवंबर को बताया था कि भारत ने 25 देशों को निमंत्रण भेजा है। इनमें चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं।

पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर शेखावत ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि पाकिस्तान भी आएगा। उनके मुताबिक, दोनों देशों की संस्कृति और सभ्यता का विकास साथ-साथ हुआ है। 1947 के बंटवारे के बाद दोनों देश अलग हुए, लेकिन उनकी साझा विरासत में अंतर नहीं है।

शेखावत ने कहा था कि भारत चाहता है कि SCO केवल राजनीति और अर्थव्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि साझा सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर बातचीत का मंच भी बने। इससे देशों और उनके लोगों के बीच बेहतर संबंध और आपसी समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।

पाकिस्तान ने संस्कृति मंत्री की जगह जलवायु मंत्री को भेजा

भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को फोरम में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। हालांकि, पाकिस्तान ने जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए नामित किया।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, उसका प्रतिनिधिमंडल फोरम के अलग-अलग विषयों पर होने वाली चर्चाओं में हिस्सा लेगा। साथ ही SCO के दूसरे सदस्य देशों के प्रतिनिधियों से अलग बातचीत भी करेगा।

मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा होगी। बिलावल SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे।

Exit mobile version