नई दिल्ली, एजेंसी। बाजार नियामक सेबी ने कॉफी डे एंटरप्राइजेज लि. (सीडीईएल) के मामलों की जांच में मदद के लिए ‘फॉरेंसिक ऑडिटर’ नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रतिभूति अपीलीय न्यायाधिकरण (सैट) के निर्देश के बाद की गई है। सैट ने पांच नवंबर को सेबी को ‘कॉफी डे एंटरप्राइजेज’ की सात अनुषंगी कंपनियों से 3,535 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी कर कंपनी के प्रवर्तकों से जुड़ी इकाई ‘मैसूर अमलगमेटेड कॉफी एस्टेट्स लिमिटेड (एमएसीईएल)’ में भेजे जाने के मामले की नए सिरे से, स्वतंत्र और व्यापक जांच करने का निर्देश दिया था।
सीडीईएल ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि पांच नवंबर, 2026 को अपीलीय न्यायाधिकरण के आदेश के बाद सेबी ने 25 नवंबर, 2026 के पत्र के जरिये कंपनी को सूचित किया है कि जांच प्राधिकरण की सहायता के लिए सीएलए इंडस वैल्यू कंसल्टिंग को ‘फॉरेंसिक ऑडिटर’ नियुक्त किया गया है। कंपनी ने कहा कि उसका निदेशक मंडल इस मामले में जरूरत के मुताबिक आगे की कार्रवाई करेगा।
सैट ने पांच नवंबर को सेबी के पूर्णकालिक सदस्य (डब्ल्यूटीएम) के आदेश को रद्द करते हुए नियामक को छह महीने के भीतर आगे की जांच पूरी करने और कानून के अनुसार उचित आदेश पारित करने का निर्देश दिया था। यह आदेश सीडीईएल की ओर से दायर अपील पर आया है, जिसमें उसने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसके तहत कथित प्रतिभूति कानूनों के उल्लंघन के मामले में सेबी अधिनियम, 1992 की धारा 15एचए और 15एचबी के तहत 26 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया था।
सैट ने अपने आदेश में कहा था कि सीडीईएल समूह और उसके प्रवर्तकों से धन के कथित हस्तांतरण की पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र और व्यापक जांच कराना न्यायहित में होगा। न्यायाधिकरण ने सेबी को विभिन्न पक्षों की भूमिका का पता लगाने और उचित कार्रवाई पर विचार करने को भी कहा था। इसमें कंपनी के सार्वजनिक शेयरधारकों को उनका नुकसान पूरा करने के लिए पर्याप्त कदम उठाने पर विशेष रूप से विचार करने का निर्देश दिया गया था।

