DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

SECL कोयला खदान धंसी…2 की मौत, एक घायल:कोरबा में 20-25 फीट गहराई में उतरे थे युवक, खुदाई के दौरान हादसा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

कोरबा ।छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में SECL गेवरा कोयला खदान में मिट्टी धंसने से 2 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह 3 युवक कोयला चोरी करने खदान में घुसे थे। वे सब्बल से खुदाई कर कोयला निकाल रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मामला दीपका थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक खदान में विशाल यादव (18) और धन सिंह कंवर (24) की जान गई है। वहीं साहिल धनवार (19) गंभीर रूप से घायल है। घायल साहिल धनवार किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा।

खदान से मलबा हटाने का काम जारी है।

खदान से मलबा हटाने का काम जारी है।

जानिए कैसे हुआ हादसा ?

दरअसल, 3 दोस्त सुबह-सुबह खदान में कोयला चोरी करने के लिए गए थे। तीनों युवक अपने साथ सब्बल और कोयला निकालने के लिए अन्य चीजें रखे थे। वह जैसे ही कोयला निकालने के लिए खुदाई कर रहे थे। 20-25 फीट गहरी खदान में मिट्टी धसकने लगी, जिसमें 3 लोग दब गए।

इस दौरान 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक का रेस्क्यू किया गया। घायल युवक साहिल को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में युवक का इलाज चल रहा है।

घटना स्थल पर विधायक प्रेमचंद पटेल मौजूद हैं। वह SECL पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे हैं।

घटना स्थल पर पहुंचे विधायक प्रेमचंद पटेल

वहीं हादसे की सूचना मिलते ही कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल मौके पर पहुंचे। यहां हादसे की जानकारी ली। विधायक ने SECL प्रबंधन और पुलिस को रेस्क्यू कर शव बाहर निकालने को कहा है। वे वहीं मौके पर मौजूद हैं।

दीपका और हरदी पुलिस कर रही जांच

मामले पर दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि कुछ लोग गेवरा और दीपका माइंस की सीमा पर कोयला निकालने गए थे, तभी खदान धस गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अभी डेडबॉडी रिकवर नहीं हुई है।

Exit mobile version