बिलासपुर/कोरबा। कोल इंडिया लिमिटेड के 52वें स्थापना दिवस पर 1 नवंबर 2026 को कोलकाता में आयोजित समारोह में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को तीन कॉर्पोरेट और चार व्यक्तिगत पुरस्कार मिले। कॉर्पोरेट श्रेणी में एसईसीएल ने ‘सोशल मीडिया प्रेज़ेंस’ में प्रथम तथा ‘पर्यावरण प्रबंधन’ और ‘भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास’ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एसईसीएल के निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार ने कोल इंडिया के अध्यक्ष बी. साईराम से कंपनी की ओर से तीनों कॉर्पोरेट पुरस्कार ग्रहण किए।
व्यक्तिगत श्रेणी में जमुना कोतमा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक पी. आर. त्रिपाठी को ‘बेस्ट एरिया जीएम’ और एसईसीएल मुख्यालय के महाप्रबंधक (ई एंड एम) श्रीकांत दास को ‘बेस्ट एचओडी’ पुरस्कार मिला। महाप्रबंधक (खनन/भूमि एवं राजस्व) बिपिन कुमार लाल को ‘व्यक्तिगत उत्कृष्टता पुरस्कार’ तथा केंद्रीय उत्खनन कर्मशाला, गेवरा की ईपी फिटर (ग्रेड-डी) श्रीमती पार्वती सिंह को गैर-अधिकारी वर्ग में ‘महिला उत्कृष्टता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
समारोह में एसईसीएल के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सनीश चंद्र और उप प्रबंधक (पर्यावरण) विष्णु आर. राज भी उपस्थित रहे।

