
कोरबा। मां सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में नवरात्रि पर धूम मची हुई है और चारो तरफ से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सोमवार को आदिशक्ति का द्वितीय स्वरूप मोक्ष दायनी मां ब्रम्हचारिणी स्वरूप की पूजा अर्चना कर सभी पापों से मुक्ति के लिए मां सर्वमंगला से श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद मांगा। अलसुबह से ही मां सर्वमंगला मंदिर पहुंचकर श्रद्धालु पूजा अर्चना कर रहे हैं और परिवार, समाज तथा प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना कर रहे हैं। मां ब्रम्हचारिणी मोक्षदायिनी हैं और सबके जीवन को धन्य बनाती हैं।
आज मां चंद्रघण्टा स्वरूप की होगी पूजा
मां सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के प्रबंधक एवं पुजारी नमन पांडेय (नन्हा महराज) ने बताया कि आज मंगलवार को चैत्रशुक्ल तृतीया विक्रम संवत 2082 को मां चंद्रघण्टा स्वरूपा की पूजा अर्चना होगी। मां चंद्रघण्टा देवी की पूजा से एश्वर्य और समृद्धि की प्राप्ति होती है और घर में कलह का नाश होता है। मां चंद्रघण्टा स्वरूपा को गाय का दूध, खीर, फल आदि पसंद है और मां चंद्रघण्टा की पूजा अर्चना करने के बाद श्रद्धालु खीर और फल का भोग लगाने के साथ गरीबों को इसका वितरण करने से एश्वर्य की प्राप्ति होती है और घर में कभी धन की कमी नहीं होती।
