DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत स्कार्फ पहनने पर नहीं मिलेगा प्रवेश

कोरबा ।स्थानीय स्तर पर की गई सुरक्षा ऑडिट में बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था में खामियां पाकर पुलिस ने बैंकों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश जारी किया है।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी के दिशा-निर्देश में सजग कोरबा अभियान के तहत जिले के सभी बैंकों को सुरक्षा व्यवस्था जानने के लिए थाना-चौकी स्तर पर सुरक्षा ऑडिट किया गया। इस दौरान अधिकांश बैंकों में खामियां मिली। जिसे पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए बैंक प्रबंधनों को समयबद्ध सुधार करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश जारी किया गया।

जिसके अनुसार बैंकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके परिसर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और जानकारी सुरक्षित रूप से संकलित की जाए। बैंक के अंदर और बाहर लगे सभी सीसी कैमरे सही स्थिति में होने चाहिए। सुरक्षा गार्ड का समय-समय पर चरित्र सत्यापन होना और उनके पास प्रयुक्त हथियार चालू स्थिति में हों। बैंक के खुलने और बंद होने का समय निश्चित हो और उसका कड़ाई से पालन किया जाए।

सायरन और अलार्म सिस्टम पूर्णतः कार्यशील स्थिति में होने चाहिए। डीवीआर को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए जिससे जरूरी समय का फुटेज उपलब्ध हो सके। बैंक अधिकारियों के पास नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम व आपातकालीन संपर्क नंबर उपलब्ध हों। वहीं बैंक परिसर में भी उक्त नंबरों को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना होगा। बैंक में प्रवेश करने वाले किसी भी व्यक्ति को चेहरा ढककर, हेलमेट या स्कार्फ पहनकर आने की अनुमति न दी जाए।

Exit mobile version