जांजगीर, एजेंसी। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक सराहनीय और जनहितकारी पहल की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में ऐसे मार्ग, जो रात्रि के समय अंधेरे में डूबे रहते हैं और जहां सड़कें संकीर्ण होने के कारण दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है, वहां सड़क किनारे लगे पेड़ों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। यह पहल खासकर रात के समय वाहन चालकों को मोड़ों और पेड़ों की स्थिति का स्पष्ट संकेत देने में सहायक होगी, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी।
अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार कर रहे हैं। टीम जिले के विभिन्न संवेदनशील मार्गों की पहचान कर वहां पेड़ों पर रेडियम पट्टियों को चिपका रही है, जिससे वाहन चालकों को रात में भी स्पष्ट दृश्यता मिल सके। इस विशेष अभियान के साथ-साथ जांजगीर पुलिस सड़क सुरक्षा जनजागरूकता कार्यक्रम भी चला रही है।
