DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सेवा ज्योति यात्रा, CM साय ने जलाई मशाल:छत्तीसगढ़ में 38 जगह बनेंगे सेवा ज्योति चौक, BJP कार्यकर्ताओं को कराया विकसित भारत-2047 का संकल्प

रायपुर, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर भाजपा ने देशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली। छत्तीसगढ़ में भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज सभी सांगठनिक जिलों में एक साथ नेता, मंत्री और कार्यकर्ता मशाल लेकर निकले।

रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मशाल जलायी। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में 38 जगहों पर सेवा ज्योति चौक का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा तेलीबांधा चौक को सेवा ज्योति संकल्प चौक के रूप में विकसित किया जाएगा। कार्यक्रम में BJP कार्यकर्ताओं को विकसित भारत-2047 का संकल्प कराया गया।

रायपुर में सीएम साय ने जलायी मशाल।

बिलासपुर में डिप्टी CM साव और मनेंद्रगढ़ में मंत्री जायसवाल ने मशाल जलाई।

ओपी चौधरी बोले- मोदी की 25 साल की यात्रा सेवा को समर्पित

वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कहा कि आज ही के दिन मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपनी 25 साल की यात्रा पूरी की है। उनकी इस यात्रा का सीधा संदेश सेवा का रहा है। इसलिए हम पूरे शहर में सेवा ज्योति यात्रा निकाल रहे हैं।

मंत्री श्यामबिहारी बोले- मोदी ने 25 साल बिना थके, बिना रुके काम किया

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह देश के लिए गर्व का विषय है। हमारे जननायक ने 7 अक्टूबर 2001 से 2026 तक बिना थके, बिना रुके देश के विकास की धारा में नॉनस्टॉप काम किया। देश अपनी खोई हुई पुरानी विरासत और संस्कृति को फिर से स्थापित करते हुए आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहा है।

बिलासपुर- यात्रा बहतराई स्थित स्टेडियम से शुरू होकर सरकंडा में समाप्त हुई

बिलासपुर में सेवा ज्योति यात्रा बहतराई स्थित स्टेडियम से निकाली गई। इसमें जिले के सभी मंडलों से कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के बाद सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की गई और यात्रा निकाली गई।

यात्रा स्टेडियम से शुरू होकर सरकंडा स्थित जिला खेल परिसर में समाप्त हुई। आयोजन में डिप्टी सीएम अरुण साव सहित भाजपा विधायक, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बालोद में सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान से शुरू हुई ‘सेवा ज्योति यात्रा’

बालोद में सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान से शुरू हुई ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा शामिल हुईं।

यात्रा सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान से दल्ली चौक और नया बस स्टैंड होते हुए शीतला मंदिर पहुंची। यहां से यात्रा अटल परिसर पहुंची, जहां अटल बिहारी वाजपेयी की पूजा-अर्चना के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।

कवर्धा में विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन

कवर्धा में पीजी कॉलेज डोम में विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, मोना सेन समेत भाजपा कार्यकर्ता, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।

MLA अनुज बोले- पीएम मोदी ने बिना छुट्टी लिए लगातार देश की सेवा की

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने बिना छुट्टी लिए लगातार देश की सेवा की। वे भारत के इतिहास में ऐसे पहले जनप्रतिनिधि हैं, जिन्होंने लगातार प्रदेश और देश के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे किए हैं।

क्या है सेवा ज्योति यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर भाजपा देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है। अभियान का उद्देश्य मोदी के 25 साल के जनसेवा और सुशासन के कार्यों को लोगों तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प से लोगों को जोड़ना है।

इसी कड़ी में 7 अक्टूबर को देशभर के जिला मुख्यालयों पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जा रही है। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, स्वच्छता, जनसंपर्क और केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

Exit mobile version