DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा संकल्प रथ रवाना

कुपोषण मुक्ति, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा आंगनबाड़ी गतिविधियों के प्रति करेगा जागरूक

कोरबा, 17 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर से सेवा संकल्प रथ को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जनप्रतिनिधि गोपाल मोदी एवं डॉ. राजीव सिंह, कलेक्टर कुणाल दुदावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन तथा नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय,सहायक कलेक्टर विशाल जायसवाल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी बसन्त मिंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

सेवा संकल्प रथ जिले के सभी पांचों विकासखंडों में विकासखंड मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से ग्रामीण एवं आम नागरिकों को महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं जनकल्याणकारी प्रयासों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

सेवा संकल्प रथ के माध्यम से नागरिकों से बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजने, कुपोषण को दूर करने के लिए आवश्यक प्रयास करने, गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल एवं पोषण पर ध्यान देने तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की जाएगी। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा बच्चों के समुचित विकास के लिए शासन द्वारा संचालित कार्यक्रमों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version