DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कारगिल में शहीद अग्निवीर का अंतिम संस्कार आज:विधवा मां का इकलौता सहारा छिना, फोन पर कहा था- अगले महीने छुट्‌टी लेकर आऊंगा

धर्मशाला,एजेंसी। कारगिल में शहीद हुए हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के अग्निवीर नवीन कुमार (25) की पार्थिव देह आज दोपहर तक पैतृक गांव पहुंचेगी। थुरल के पैतृक गांव हलूं में शहीद नवीन का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले पार्थिव देह को घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

बता दें कि नवीन कुमार भारतीय सेना की जम्मू-कश्मीर राइफल यूनिट में अपनी सेवाएं दे रहे थे। कारगिल के द्रास सेक्टर में ड्यूटी के दौरान 20 मई की रात को लैंडस्लाइड की चपेट में आने से वह शहीद हो गए। 2 साल पहले ही वह अग्निवीर योजना में भर्ती हुए थे।

सेना में हवलदार थे पिता, हो चुकी मौत

नवीन के पिता 13 जैक राइफल में हवलदार पद से रिटायर हुए थे। उनका कैंसर की वजह से पांच साल पहले देहांत हो गया था। नवीन अपनी बहन शिवानी के इकलौते भाई थे। बहन शिवानी की शादी हो चुकी है जबकि नवीन अभी अविवाहित थे। अब परिवार में विधवा मां अयोध्या देवी, दादा भूमि राम, दादी चंपा देवी ही हैं। इन तीनों का इकलौता सहारा भी सरहदों की रक्षा करते करते बलिदानी हो गया।

सुबह हुई थी फोन पर बात, रात को शहादत की खबर आई

परिजनों के मुताबिक नवीन कुमार 14 जुलाई 2024 को आखिरी बार छुट्टी में घर आए थे। बताया जा रहा है कि अगले महीने वे फिर से छुट्‌टी पर घर आने वाले थे। 20 मई को शहादत से पहले सुबह के वक्त ही नवीन ने अपनी मां अयोध्या देवी से फोन पर बात की थी और अगले महीने फिर से आने की बात दोहराई थी। मगर, मंगलवार देर रात को बेटे की शहादत की खबर मिल गई।

पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

जवान नवीन के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। नवीन के घर पर उनके रिश्तेदार और आस पड़ोस के लोग जुटने शुरू हो गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और स्थानीय विधायक विपिन सिंह परमार ने नवीन की शहादत पर दुख जताया है। परिजनों का घर पर रो-रो कर बुरा हाल है। शहीद की मां बार बार बेसुध हो रही है।

Exit mobile version