DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

शाकम्बरी देवी की प्राण प्रतिष्ठा:मरार समाज की नारी शक्ति ने निकाली विशाल कलश यात्रा


कोरबा/पाली। 12 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के शुभअवसर पर पाली के सूर्योदय नगर में मरार पटेल समाज द्वारा शाकम्बरी देवी मंदिर का निर्माण कराया है, जिसमें प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया गया। इसके पूर्व समाज की नारी शक्ति ने कलश यात्रा निकाली कलश यात्रा राम-सीता मंदिर से प्रारंभ होकर शिवमंदिर, गांधी चौक, बस स्टैंड, महामाया मंदिर होते हुए नवनिर्मित शाकम्बरी देवी मंदिर पहुंची।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शाकम्बरी देवी मरार पटेल समाज की मुख्य देवी है और इसे हम अन्नपूर्णा के रूप में भी जानते हैं, जो सबका पालनहार है।
सांसद प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा ने शाकम्बरी देवी की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि दुर्गा के विभिन्न रूपों का अलग-अलग समाज पूजा करता है और माता के अनेक नाम हैं। मां शाकम्बरी देवी भी मां दुर्गा की अवतार है। मां शाकम्बरी की पूजा से पर्यावरण का संवर्धन, समय पर वर्षा होती है और कभी अकाल नहीं आता और इनकी पूजा से घर में अन्न का भंडार हमेशा भरा रहता है।
कार्यक्रम को नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल ने भी संबोधित किया और मां शाकम्बरी देवी की महिमा बतायी। कार्यक्रम में समाज के प्रदेश अध्यक्ष आत्मानारायण पटेल, जिलाध्यक्ष रामफल पटेल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

Exit mobile version