DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

होर्मुज के पास आग लगते ही पलटा Indian क्रू वाला जहाज, एक भारतीय की मौत व चार झुलसे

तेहरान/तेल अवीव/वाशिंगठन, एजेंसी। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास शुक्रवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। सामान्य सामान ले जा रहे एक लकड़ी के ढो (Dhow) जहाज में अचानक आग लग गई, जिसके बाद वह पलट गया। इस जहाज पर 18 भारतीय चालक दल के सदस्य मौजूद थे। सरकारी सूत्रों के अनुसार, हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का इलाज दुबई में चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल सुरक्षित बताई जा रही है।
बताया गया है कि जहाज में आग लगने के बाद पास से गुजर रहे एक दूसरे पोत ने सभी भारतीयों को बचाया। अभी तक आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो पाई है और जांच जारी है।

भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने हादसे के तुरंत बाद बचाए गए भारतीय नागरिकों से मुलाकात की। दूतावास जहाज मालिक के संपर्क में है और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। इस बीच विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता Randhir Jaiswal ने बताया कि अब तक 11 भारतीय जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुके हैं, जबकि 13 जहाज अभी भी फारस की खाड़ी में मौजूद हैं। भारत लगातार ईरानी अधिकारियों के संपर्क में है ताकि बाकी जहाज भी सुरक्षित निकल सकें। होर्मुज जलडमरूमध्य इस समय वैश्विक तनाव का केंद्र बना हुआ है, क्योंकि यहां अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते समुद्री गतिविधियों पर असर पड़ रहा है।

Exit mobile version