DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

शिवसेना ने CM के बदले गृह और वित्त मंत्रालय मांगा:भाजपा देना नहीं चाहती, इसलिए मुंबई में होने वाली महायुति की बैठक टली

मुंबई , एजेंसी। महाराष्ट्र में नई सरकार बनाने को लेकर पेच फंस गया है। सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना मुख्यमंत्री पद के बदले गृह और वित्त मंत्रालय मांग रही है। इसलिए मुंबई में शुक्रवार को होने वाली महायुति (भाजपा+शिवसेना शिंदे गुट+NCP अजित पवार) की अहम बैठक टाल दी गई।

सूत्रों के मुताबिक कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अचानक सातारा चले गए हैं। अब महायुति की बैठक 1 दिसंबर रविवार को होने के आसार हैं। रविवार सुबह तक भाजपा के 2 पर्यवेक्षक दिल्ली से मुंबई आएंगे। इनकी मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की मीटिंग होगी। इसमें 2 ऑब्जर्वर्स की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा। भाजपा मराठा चेहरे पर भी विचार कर सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, उसके बाद 5 दिसंबर को मुंबई के आजाद मैदान में शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।

शिंदे के अचानक गांव जाने की वजह सूत्रों के मुताबिक, शिंदे पोर्टफोलियो बंटवारे की लिस्ट अमित शाह को सौंप चुके हैं। अब शिंदे भाजपा को फैसला लेने के लिए वक्त देना चाहते हैं इसीलिए वे गांव रवाना हुए हैं। उधर, शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने कहा कि अगर एकनाथ शिंदे डिप्टी सीएम का पद स्वीकार नहीं करते हैं तो पार्टी से ही दूसरा चेहरा ये पद संभालेगा। मुझे नहीं लगता कि वे डिप्टी CM का पद स्वीकार करेंगे।

एक दिन पहले फड़णवीस, अजित-शिंंदे ढाई घंटे शाह से मिले

देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार, NCP सांसद प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने गुरुवार को गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की।

एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने गुरुवार की रात दिल्ली में करीब ढाई घंटे तक गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मीटिंग की। शिंदे ने आधे घंटे तक शाह से अकेले मुलाकात की। सूत्रों ने भास्कर को बताया कि हाईकमान ने शिंदे को डिप्टी सीएम या केंद्र में मंत्री पद का ऑफर किया है। शिंदे केंद्रीय मंत्री बनने का मन बनाते हैं तो उनके गुट से किसी अन्य नेता को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है।

भाजपा मराठा नेताओं पर भी विचार कर रही माना जा रहा है कि CM चुनने में जातीय गणित की बड़ी भूमिका हो सकती है, क्योंकि 288 सीटों की विधानसभा में मराठा समुदाय के विधायक बड़ी संख्या में हैं। देवेंद्र फडणवीस ब्राह्मण हैं। ऐसे में भाजपा नेतृत्व CM के लिए कुछ मराठा नेताओं पर भी विचार कर रहा है। हालांकि, सूत्रों की मानें तो RSS ने दबाव बढ़ाया तो फडणवीस के CM बनने की संभावना ज्यादा है।

Exit mobile version