जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के धार्मिक नगरी शिवरीनारायण के बॉम्बे मार्केट में आग लग गई। घटना मंगलवार (7 अक्टूबर) रात की है। देर रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच लगी इस आग में तीन बड़ी दुकानें और दो ठेले जलकर खाक हो गए। घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया, हालांकि आग लगने का कारण अभी अज्ञात है।
मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है। आग की चपेट में आने वाली दुकानों में चित्रा इलेक्ट्रॉनिक्स, कलकत्ता होजरी बॉम्बे साड़ी सेल और बॉम्बे शू हाउस शामिल हैं। बॉम्बे शू हाउस में सबसे पहले आग लगी, जिसके बाद यह तेजी से फैलते हुए अन्य दुकानों और उनके पास खड़े दो ठेलों तक पहुंच गई। हालांकि 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझा ली गई।
बॉम्बे शू हाउस में सबसे पहले आग लगी थी।
आग ने 3 दुकानों को अपनी चपेट में लिया।
होमगार्ड की टीम फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंची।
4 घंटे बाद बुझी आग
आग बुझाने के लिए लगभग चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि होमगार्ड की टीम फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंची। आसपास के निजी प्लांट से भी लगभग पांच दमकल गाड़ियों की मदद ली गई, जिन्होंने तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया।
दुकानों में रखा सामान जला
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, केवल दुकानों में रखा सामान जला है। दुकान संचालक अपने नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
आग लगने का कारण अज्ञात है, लेकिन तकनीकी विशेषज्ञों की टीम बुलाकर निरीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद आगजनी की वजह पता चल पाएगी। दीवारों को ठंडा करने का काम भी जारी है ताकि प्लास्टर और दीवार गिरने का खतरा न रहे।
