DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

चांदी पहली बार ₹2 लाख प्रति किलो के पार:1 से 2 लाख होने में 9 महीने लगे, ₹50 हजार से ₹1 लाख 14 साल में पहुंची थी

मुंबई, एजेंसी। चांदी आज यानी 17 दिसंबर को पहली बार 2 लाख रुपए प्रति किलो के पार निकली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार सुबह एक किलो चांदी 2,00,750 रुपए पर ओपन। हालांकि इसके बाद इसकी कीमत में थोड़ी गिरावट आई और ये 7,664 रुपए बढ़कर 1,99,641 रुपए किलो पर बंद हुई। इससे पहले ये 1,91,977 रुपए पर थी।

18 मार्च को चांदी पहली बार 1 लाख रुपए पर पहुंची थी। यानी चांदी को 1 लाख से 2 लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंचने में सिर्फ 9 महीने का समय लगा। जबकि इसे 50 हजार से 1 लाख रुपए तक पहुंचने में 14 साल लगे थे। मौजूदा कीमत के साथ चांदी अब ऑल-टाइम हाई पर है।

चांदी में तेजी के 4 बड़े कारण

  1. इंडस्ट्रियल डिमांड – सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स और EV में भारी इस्तेमाल, चांदी अब सिर्फ ज्वेलरी नहीं, जरूरी कच्चा माल बन गई है।
  2. ट्रंप का टैरिफ डर – अमेरिकी कंपनियां चांदी का भारी स्टॉक जमा कर रही हैं, ग्लोबल सप्लाई में कमी से कीमतें ऊपर चढ़ीं।
  3. मैन्युफैक्चरर होड़ में – प्रोडक्शन रुकने के डर से सभी पहले से खरीद रहे हैं, इसी वजह से आने वाले महीनों में भी तेजी बनी रहेगी।
  4. चांदी में निवेश बढ़ रहा: निवेशक सिल्वर ETF के जरिए चांदी में निवेश कर रहे हैं। इससे चांदी की डिमांड बढ़ रही है।

सोना 540 रुपए बढ़कर 1.32 लाख रुपए पर पहुंचा आज 24 कैरेट शुद्धता वाला सोना भी 540 रुपए बढ़कर 1,32,317 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इससे पहले ये कल यानी, 16 दिसंबर को 1,31,777 रुपए पर था। वहीं सोने ने 15 दिसंबर को 1,33,442 रुपए प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था।

इस साल सोना रू.56,155 और चांदी रू.1,13,624 महंगी हुई

  • इस साल अब तक सोने की कीमत 56,155 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,32,317 रुपए हो गया है।
  • चांदी का भाव भी इस दौरान 1,13,624 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 2,00,750 रुपए प्रति किलो हो गई है।

Exit mobile version