सक्ती। सक्ती जिले में निर्माणाधीन स्वामी आत्मानंद स्कूल भवन से लोहे के सेटरिंग प्लेट चोरी करने के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 30 लोहे के सेटरिंग प्लेट बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 24 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई 2 बाइक भी जब्त की हैं।
मामला हसौद थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, बंशी साहू (34) निवासी ग्राम मुड़पार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम हसौद स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल (स्वामी आत्मानंद स्कूल) में नए भवन का निर्माण चल रहा है। भवन की छत बनाने के लिए जरूरी सेटरिंग सामग्री निर्माणाधीन कमरे में रखी गई थी।
भवन में अभी खिड़की और दरवाजे नहीं लगे हैं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने वहां रखे 30 पुराने लोहे के सेटरिंग प्लेट चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 24 हजार रुपए आंकी गई। शिकायत पर हसौद थाने में अपराध क्रमांक 200/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर 6 आरोपी पकड़ाए
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके लिए मुखबिर भी सक्रिय किए गए। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फिरत कुमार नागेश, रमेश कुमार साहू, रविशंकर बर्मन, सुभाष खूंटे, रवि यादव और कुमार सिंह चौहान ने मिलकर स्कूल भवन से सेटरिंग प्लेट चोरी किए हैं और उन्हें छिपाकर रखा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर उनके कब्जे से चोरी किए गए सभी 30 सेटरिंग प्लेट बरामद कर लिए गए।
चोरी में इस्तेमाल 2 बाइक भी जब्त
पुलिस ने चोरी की वारदात में इस्तेमाल प्लेटिना बाइक क्रमांक CG 11 CH 2787 और एचएफ डीलक्स बाइक क्रमांक CG 11 AU 1016 भी जब्त की हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में फिरत कुमार नागेश (25), रमेश कुमार साहू (22), रविशंकर बर्मन (32), सुभाष खूंटे (22), रवि यादव (21) और कुमार सिंह चौहान (60) शामिल हैं। सभी आरोपी हसौद थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को 31 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

