DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

SIP निवेशकों ने एक महीने में बंद किए 59 लाख खाते, 18 महीने में सबसे कम खुले नए खाते

नई दिल्ली, एजेंसी। म्यूचुअल फंड में निवेश का लोकप्रिय जरिया सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) अक्टूबर में दबाव में नजर आया। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच अक्टूबर में 59 लाख SIP खाते बंद हो गए, जबकि केवल 51 लाख नए खाते खुले। नए खातों की संख्या पिछले 18 महीनों में सबसे कम रही। वहीं, अप्रैल 2025 के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में SIP खाते बंद हुए हैं।

घटकर 10.8 करोड़ रह गए सक्रिय SIP खाते

बड़ी संख्या में खाते बंद होने का असर कुल सक्रिय SIP खातों पर भी पड़ा है। सितंबर में सक्रिय SIP खातों की संख्या 10.89 करोड़ थी, जो अक्टूबर के अंत में घटकर 10.8 करोड़ रह गई। इसके साथ ही SIP के जरिए आने वाले निवेश में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई।

अक्टूबर में सक्रिय SIP खातों के जरिए 32,160 करोड़ रुपए का निवेश आया, जबकि सितंबर में यह आंकड़ा 32,490 करोड़ रुपए था।

बाजार में उतार-चढ़ाव बनी बड़ी वजह

विशेषज्ञों के मुताबिक, शेयर बाजार में अस्थिरता और घरेलू खर्चों में बढ़ोतरी के कारण कुछ निवेशकों ने SIP बंद की हैं। हालांकि, एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के CEO वेंकट चलसानी का कहना है कि निवेशकों का भरोसा अभी भी बना हुआ है। लगातार तीन महीनों से SIP के जरिए 32,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश आ रहा है।

वैल्यू रिसर्च के संस्थापक धीरेंद्र कुमार ने निवेशकों को सलाह दी है कि बाजार की गिरावट देखकर SIP बंद नहीं करनी चाहिए। उनके मुताबिक, बाजार में गिरावट के दौरान निवेश करने से कम कीमत पर ज्यादा म्यूचुअल फंड यूनिट मिलती हैं, जिसका फायदा बाजार में तेजी लौटने पर मिल सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि त्योहारों के दौरान बढ़े खर्च और ईंधन की कीमतों ने भी लोगों की बचत प्रभावित की है। हालांकि, कुल निवेश में मामूली गिरावट बताती है कि निवेशकों का बड़ा हिस्सा अब भी SIP के जरिए पैसा लगा रहा है।

Exit mobile version