DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सीतापुर MLA ने धोए बर्तन… नदी किनारे पहुंचे टोप्पो, पास बैठी महिला भी नहीं पहचान सकी; गांव तक पहुंचने कई किलोमीटर पैदल भी चले

सरगुजा। सरगुजा जिले के सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो का बर्तन धोने का वीडियो वायरल हो रहा है। विधायक सीतापुर विधानसभा के दूरस्थ क्षेत्र बंदरकोट पहुंचे थे। इसी दौरान नदी किनारे बर्तन मांज रही महिला के पास वे पहुंच गए।

विधायक महिला के पास बैठकर बर्तन धोने लगे लेकिन महिला उन्हें पहचान नहीं सकी। काफी देर बातचीत के बाद हंसी-मजाक में विधायक ने कहा कि, तुम मुझे नहीं जानती फिर भी मैं तुम्हारे बर्तन धो रहा हूं, अब मुझे खाना खिलाकर ही भेजना।

दरअसल, बंदरकोट इलाका पूरी तरह से पहुंचविहीन है। यहां विधायक गांव वालों से मिलने पहुंचे थे। गांव तक पहुंचने के लिए साथियों के साथ वे कई किलोमीटर पैदल चले। इसी दौरान नदी के पास उन्हें एक महिला बर्तन धोती दिखी।

उन्होंने महिला से पूछा कि पहचानती हो, तो महिला ने कहा, नहीं। साथ गए एक व्यक्ति ने बताया कि ये हमारे सीतापुर के विधायक हैं। बर्तन धोते हुए विधायक ने छत्तीसगढ़ी में महिला से बात की। कहा कि ये गलत बात है कि तुम मुझे नहीं पहचानती। साथ में मौजूद ग्रामीण ने कहा कि अब पहचान लेगी।

कई किलोमीटर पैदल चलकर गांव तक पहुुंचे थे विधायक

विधायक ने कहा-घर तक रास्ता बनवाएंगे

विधायक रामकुमार टोप्पो ने महिला का हाल जाना और पूछा कि, बच्चों को स्कूल भेजती है या नहीं, उन्हें बड़ा होकर क्या बनाएगी? महिला ने बताया कि उसके बच्चे स्कूल जाते हैं। विधायक ने कहा कि बच्चों को जंगल में मत रखना। उन्हें अच्छे से पढ़ाना।

महिला ने विधायक से कहा कि घर तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं है। वे पगडंडी से आना-जाना करते हैं। शाम ढलने के बाद डर लगता है। विधायक ने कहा कि महिला के घर तक वे सड़क बनवाएंगे।

ग्रामीणों से पूछी समस्याएं

बंदरकोट पहुंचकर विधायक ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और परेशानियों के साथ योजनाओं के लाभ की जानकारी भी ली। रामकुमार टोप्पो ने कहा सभी पहुंचविहीन गांव में सर्वे कर रहे हैं। प्राथमिकता में पहुंचविहीन गांवों तक सड़क और पुल निर्माण की पहल की जा रही है। जहां बड़े ब्रिज बनने हैं, वहां स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेज रहे हैं। गांवों तक बाइक, ट्रेक्टर, पिकअप व एंबुलेंस पहुंचे, इसके लिए सड़कों को सुधारा जा रहा है।

इससे पहले छात्राओं को ननचाकू सिखाया था

एक महीने पहले विधायक रामकुमार टोप्पो स्कूली छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाते दिखे थे। बतौली स्कूल में छात्राओं को जापानी ननचाकू मार्शल आर्ट की उन्होंने ट्रेनिंग दी थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि, छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए जागरूक होना जरूरी है

Exit mobile version